नेता प्रतिपक्ष प्रीतम के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता ने किया मुख्यमंत्री आवास कूच, पुलिस ने रोका तो धरने पर बैठे

0
381

कांग्रेस नेताओं ने हमले की निंदा करते हुए हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी रखी मांग

देहरादून, कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और उनके बेटे नैनीताल के पूर्व विधायक संजीव आर्य पर शनिवार को बाजपुर में हुए हमले के विरोध में कांग्रेस ने रविवार को धरना दिया। नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता आज धरने पर बैठ गए। उन्हें मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा रोका गया और वह हाथीबड़कला बैरिकेडिंग पर धरने पर बैठ गए।
कांग्रेस नेताओं ने हमले की निंदा करते हुए हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। उत्तराखंड के बाजपुर में बैठक में शामिल होने जा रहे पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य के काफिले पर शनिवार दोपहर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया था।
प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान कराया गया यह हमला प्रायोजित
इसी हमले के विरोध में पूर्व मंत्री यशपाल आर्य और उनके पुत्र संजीव आर्य पर हमले के विरोध में रविवार को प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रभारी देवेंद्र यादव, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठे। इस मामले में प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान कराया गया यह हमला प्रायोजित था |
उन्होंने कहा कि भाजपा के इशारे पर पूर्व मंत्री एवं विधायक पर हमला करवाया जाना निंदनीय है। कांग्रेस पार्टी इस हमले की निंदा करती है। वहीं, पार्टी अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने हमले के विरोध में आयोजित किए जा रहे धरने को सफल बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की थी।

अभियंताओं ने घेरा सीएम आवास, पुलिस ने रोका तो सड़क पर दिया धरना

देहरादून, काफी समय से नियमितीकरण की मांग को लेकर आंदोलनरत लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में संविदा पर कार्यरत कनिष्ठ अभियंताओं ने भी रविवार को मुख्यमंत्री आवास को घेराव कर अपना आक्रोश जताया। हालांकि पहले से तैनात पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग लगा रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच नोक झोंक भी हुई।

सीएम आवास कूच के लिए अभियंता रविवार को गांधी पार्क पर एकत्र हुए। जहां से अभियंता सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सीएम आवास कूच के लिए बढ़े। अभियंताओं की रैली को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कई कांग्रेसियों ने अपना समर्थन दिया।

हाथीबड़कला पर पुलिस के रोकने से गुस्साए अभियंताओं ने सड़क पर बैठ कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया, प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार अभियंताओं की आवाज को दबाने का काम कर रही है। लंबे समय से आंदोलनरत अभियंताओं की सरकार की ओर से अनदेखी की जा रही है। कहा कि अभियंता बीते करीब 12 सालों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अभियंताओं की अनिश्चितकालीन हड़ताल बीते 20 दिनों से जारी है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द मांग पूरी नहीं की गई तो वह अपना आंदोलन उग्र करेंगे और मुख्यमंत्री कार्यालय के समक्ष भूख हड़ताल और आत्मदाह करने पर मजबूर होंगे। इसकी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।