हडको देहरादून क्षेत्रीय कार्यालय में हिंदी पखवाड़े के दौरान विविध कार्यक्रम आयोजित

0
7868

हडको में हिंदी पखवाड़े का समापन: अनिल कुमार मेहता रहे मुख्य अतिथि, ‘देवालय’ पत्रिका का विमोचन

देहरादून, । हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (हडको), क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून द्वारा 14 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक हिंदी पखवाड़े का आयोजन किया गया। इस दौरान राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं, कार्यशाला एवं राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ 14 सितंबर को हिंदी दिवस के अवसर पर किया गया। इस अवसर पर कर्मचारियों के लिए स्लोगन एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें हडको देहरादून क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पखवाड़े के अंतर्गत नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति-2 (नराकास-2) के अंतर्गत आने वाले 12 कार्यालयों के लगभग 20 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए “देश-भक्ति” विषय पर स्वरचित एवं मौलिक कविता प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी मौलिक कविताओं के माध्यम से राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन साहित्य एवं काव्य क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ एवं अनुभवी निर्णायक मंडल द्वारा किया गया।
इसके अतिरिक्त हडको के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से कर्मचारियों को हिंदी में रचनात्मक अभिव्यक्ति के साथ-साथ कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा के प्रभावी प्रयोग के लिए प्रोत्साहित किया गया।
30 सितंबर 2026 को हिंदी पखवाड़े के समापन अवसर पर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में श्री अनिल कुमार मेहता, सेवानिवृत्त अधिकारी, सर्वे ऑफ इंडिया, को आमंत्रित किया गया। श्री मेहता को हिंदी में कार्य करने का दीर्घ अनुभव है। उन्होंने राजभाषा हिंदी के प्रयोग से संबंधित अपने अनुभव साझा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा राजभाषा के प्रति जागरूकता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर हडको देहरादून द्वारा प्रकाशित ‘देवालय के छठे अंक का विमोचन भी हडको के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा निदेशक मंडल द्वारा द्वारा कियाI ‘देवालय हडको परिवार की रचनात्मक एवं साहित्यिक प्रतिभाओं को अभिव्यक्ति का मंच प्रदान करने वाली पत्रिका है।
हिंदी पखवाड़े के सफल आयोजन से हडको देहरादून क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में राजभाषा हिंदी के प्रति रुचि, जागरूकता एवं रचनात्मकता को बढ़ावा मिला। कार्यक्रमों में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए “हिंदी में कार्य करें, हिंदी को बढ़ावा दें” की भावना को साकार किया।

May be an image of studying and text

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here