गांधी जयंती की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित

0
15

गोपेश्वर, आगामी 2 अक्टूबर को गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के आयोजन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को विकास भवन सभागार गोपेश्वर में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 2 अक्टूबर के अवसर पर जनपदभर में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 2 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से 9 बजे तक सभी विभागों एवं कार्यालयों में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इसके उपरांत प्रातः 9 बजे से अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने जनपद, तहसील एवं विकासखंड स्तर पर प्रभात फेरी निकालने तथा गांधी जी के जीवन, सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, नशामुक्ति एवं सद्भावना जैसे संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी शैक्षणिक संस्थानों में भी गांधी जयंती कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया।
बैठक में स्व. लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर उनके जीवन, सादगी एवं राष्ट्र सेवा के मूल्यों पर प्रकाश डालने तथा उनके प्रसिद्ध ‘जय जवान-जय किसान’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में गांधी जी के जीवन दर्शन एवं उनके विचारों पर आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गांधी जयंती के अवसर पर जिला एवं विकासखंड स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में वन विभाग को वन क्षेत्रों में तथा नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। खादी एवं ग्रामोद्योग से संबंधित स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाने तथा गांधी जयंती के अवसर पर चरखा एवं खादी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांधी जयंती के सभी कार्यक्रम निर्धारित समय पर व्यवस्थित ढंग से आयोजित किए जाएं और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाए।
इस दौरान अधिशासी अभियंता जल संस्थान संजय कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी मोहित सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी पंकज उप्रेती सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here