जसपुर(यूएस नगर), बच्चों में खेलने को लेकर हुये विवाद ने एक बच्चे की जान ले ली, मामला यूएस नगर के जसपुर का है जहां बैडमिंटन खेलने से मना किए जाने से नाराज करीब 10-11 वर्षीय बच्चे पर 12 वर्षीय मोहम्मद ईशान पर चाकू से हमला करने का आरोप है। हमले में गंभीर रूप से घायल ईशान की काशीपुर के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी नाबालिग फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
घटना सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे जसपुर कोतवाली क्षेत्र के लकड़ी मंडी इलाके में हुई। बताया गया कि मोहम्मद ईशान अन्य बच्चों के साथ बैडमिंटन खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक नाबालिग वहां पहुंचा। खेलने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि ईशान के खेलने से मना करने पर दूसरा बच्चा आक्रोशित हो गया और उसने चाकू से हमला कर दिया।
हमले में ईशान के शरीर पर कई वार किए गए। इनमें एक वार दिल के नजदीक लगने की बात सामने आई है। खून से लथपथ ईशान को परिजन तत्काल जसपुर के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे काशीपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे काशीपुर के निजी अस्पताल ले गए, जहां शाम करीब साढ़े छह बजे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पर बच्चे के परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद इलाके में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है।
जसपुर कोतवाली प्रभारी राजेश पांडे के मुताबिक, घटना में शामिल आरोपी भी नाबालिग है और वारदात के बाद से फरार चल रहा है। पुलिस आरोपी के परिजनों से पूछताछ कर रही है और उसकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर जसपुर विधायक आदेश चौहान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। विधायक के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि करीब 10-11 वर्ष के बच्चे ने 12 वर्षीय ईशान पर चाकू से हमला किया। घटना की वास्तविक वजह और पूरी परिस्थितियों का पता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस फरार नाबालिग आरोपी की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है।

Recent Comments