Tuesday, June 30, 2026
HomeStatesUttar Pradeshभीषण सड़क हादसा : बस ट्रेलर से टकराई, चार की मौत, 25...

भीषण सड़क हादसा : बस ट्रेलर से टकराई, चार की मौत, 25 घायल

मथुरा, उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेसवे पर थाना राया क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से 25 यात्री घायल हो गए। हादसा माइलस्टोन 112-113 के बीच सुबह करीब 3:35 बजे हुआ, जब गोला बस सर्विस की एक वोल्वो बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई।

   पुलिस के अनुसार हादसे के समय बस में करीब 65 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), क्षेत्राधिकारी महावन और थाना प्रभारी राया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बचाव दल ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए जिला अस्पताल, मथुरा भेजा।

पुलिस ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 20 से 25 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल पर यातायात सुचारु कराने के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments