देहरादून। कुर्मांचल सांस्कृतिक एवं कल्याण परिषद्, धर्मपुर शाखा की ओर से नेहरू कॉलोनी स्थित शिवालिक होटल में मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुर्मांचल परिवार के विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डॉ. महेश चंद्र नैनवाल तथा द दून स्कूल के गणित विभागाध्यक्ष चंदन सिंह घुघत्याल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मान पत्र, डॉक्यूमेंट फोल्डर, पुस्तक, पेन एवं मेडल प्रदान किए गए। सम्मानित होने वाले मेधावी विद्यार्थियों में अक्षिता मनराल (95.4%), तनिष्का बिष्ट (94%), अगस्त्य (92%), देवांश राणा (89%), ख्याति गुल्दानी (88.6%), रिद्धि पांडे (88.4%), अचिंत्य शाह (84%), निशा पाल (82%), चिन्मय चौधरी (75%), आराध्या नेगी, मितेश खोलिया तथा मध्यानी शामिल रहे।
मुख्य अतिथि चंदन सिंह घुघत्याल ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास विद्यार्थी जीवन की सबसे बड़ी पूँजी है। वहीं, शाखा अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि धर्मपुर शाखा सदैव प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है और शिक्षा ही समाज की प्रगति का मजबूत आधार है। शाखा सचिव शिव प्रताप सिंह मनराल ने कहा कि प्रतिभा को पहचानना और सम्मान देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीवंत हुई कुमाऊँनी संस्कृति समारोह में कुमाऊँनी कलाकारों—गणेश काण्डपाल, लीला पयाल, नीरजा उप्रेती, मनमोहन बटकोरा एवं सुंदर आगरी द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। लोकगीतों और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन विजय कुमार बौड़ाई ने किया। इस अवसर पर संयोजक राजेंद्र सिंह बिष्ट, सांस्कृतिक सचिव सोनल शाह, घनश्याम चन्द जोशी, अनूप सिंह फर्त्याल, गीता मिश्रा, सीमा शाह, ललित चन्द्र जोशी, सुरेन्द्र अंडोला, विमला पाण्डे, हरी सुमन बिष्ट, तेज सिंह रावत, वैजयन्ती खनका, एल.एम.एस. मनराल सहित बड़ी संख्या में अभिभावक व कुर्मांचल समाज के लोग उपस्थित रहे। समारोह का समापन सूक्ष्म जलपान व धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।




