Thursday, March 5, 2026
HomeStatesUttar Pradeshकोहरे का कहर! यमुना एक्सप्रेसवे पर भिड़ीं 8 बसें और 3 कारें,...

कोहरे का कहर! यमुना एक्सप्रेसवे पर भिड़ीं 8 बसें और 3 कारें, 4 यात्रियों की मौत-100 से ज्यादा लोग घायल

मथुरा ,। मथुरा में मंगलवार देर रात यमुना एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा हो गया। आगरा से नोएडा की ओर जा रही कई बसें और कारें आपस में टकरा गईं, जिसके बाद वाहनों में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
यह हादसा थाना बलदेव क्षेत्र के गांव खड़ेहरा के पास माइलस्टोन 127 के नजदीक हुआ। सूचना मिलते ही मथुरा पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस सेवाएं मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने और घायलों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि बसों में सवार अन्य यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घना कोहरा इतना अधिक था कि आगे कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। इसी वजह से करीब 8 बसें और 3 कारें एक के बाद एक टकरा गईं। टक्कर के बाद कई यात्री वाहनों में ही फंस गए, जबकि कुछ लोग बस से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। अंदर फंसे यात्रियों की आग में झुलसकर मौत हो गई। मुख्यमंत्री ने घटना का संज्ञान लेते हुए घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
इस बीच मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 17 दिसंबर को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा बना रह सकता है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों तक कोहरे और ठंड का असर जारी रहने की संभावना है। वहीं दिल्ली-एनसीआर में कोहरे की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट के आसार हैं, जिससे ठंड और बढ़ेगी।
हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही जिला प्रशासन को राहत और उपचार कार्यों में कोई कमी न रखने के निर्देश दिए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments