देहरादून के बंजारावाला में भव्य शोभायात्रा के साथ शारदीय नवरात्र रामलीला महोत्सव का आगाज, उत्तराखंड की संस्कृति की दिखी अनूठी झलक

0
9

देहरादून: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और उत्तराखंड में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर धार्मिक और सांस्कृतिक उल्लास चरम पर है। इसी कड़ी में राजधानी देहरादून के टिहरी नगर कॉलोनी, बंजारावाला में महिला कीर्तन मंडली के तत्वावधान में शनिवार को एक भव्य शोभा एवं कलश यात्रा निकाली गई। इसके साथ ही 11 से 21 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले बहुप्रतीक्षित ‘भव्य रामलीला महोत्सव 2026’ का औपचारिक और उत्साहपूर्ण आगाज हो गया है।

शनिवार को टिहरी नगर कॉलोनी बंजारावाला से आरंभ हुई यह शोभायात्रा बंगाली कोठी होते हुए टिहरी नगर के आजाद मैदान में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत का अद्भुत संगम देखने को मिला।

यात्रा की अगुवाई गढ़वाल के पारंपरिक प्राचीन ढोल-दमाऊं, शिव ढोल और भगवान श्रीराम के दिव्य ध्वज के साथ की गई, जिसने पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया। यात्रा मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान मातृशक्ति, क्षेत्रवासियों और रामलीला समिति के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। यात्रा के समापन पर श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद (भंडारे) का ग्रहण किया।

आयोजन से जुड़ीं गुड्डी थपलियाल ने बताया कि इस वर्ष रामलीला महोत्सव का मंचन बेहद खास होने जा रहा है। इसमें पारंपरिक रामलीला के साथ-साथ उत्तराखंड की लोक कलाओं और सांस्कृतिक धरोहर को भी प्रमुखता से मंच प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा, “इस रामलीला का मुख्य उद्देश्य हमारी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ना है, ताकि युवा अपनी जड़ों और संस्कृति से भली-भांति परिचित हो सकें।”

शोभायात्रा और इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और रामभक्तों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर गुड्डी थपलियाल, रेनू, उर्मिला पंत, रश्मि पांडेय, किरन, बिंदेश्वरी, सबिता, सरिता नौटियाल, जगदंबा नौटियाल, कौशल्या, बसंती, सरिता भट्ट, शशि भूषण, वरुण नौटियाल, बिजेंद्र पंत, नारायण सिंह, लेखराज, दिनेश देवली, नीमा, मनीष, राकेश, बृहस्पति, नीना, सुनीता बडोनी और हरदीप रावत सहित सैकड़ों की संख्या में रामभक्त एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here