राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मालसी में निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन

0
82

देहरादून, सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 के अंतर्गत HUDCO क्षेत्रीय कार्यालय, देहरादून द्वारा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, मालसी में निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि – Probity for Prosperity” है।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, ईमानदारी, सत्यनिष्ठा एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा, अभिव्यक्ति क्षमता एवं कल्पनाशीलता को प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

निबंध लेखन प्रतियोगिता में कक्षा 7 की कु. राजनंदिनी ने प्रथम, कु. रूही ने द्वितीय तथा अंकुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शिवम, आयुष कुमार, संजना, दिव्यांशी एवं अंकुश कुमार को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए।

चित्रकला प्रतियोगिता में ऋषभ ने प्रथम, रिया रानी ने द्वितीय तथा अंशुल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भार्गवी कुमारी, अनीश, उन्नति भारद्वाज, दीपांशी एवं आकांक्षा को प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर HUDCO के कार्यकारी निदेशक एवं क्षेत्रीय प्रमुख, देहरादून श्री संजय भार्गव ने विद्यार्थियों को सतर्कता जागरूकता के महत्व, ईमानदारी, नैतिक आचरण, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सत्यनिष्ठा केवल सरकारी कार्यप्रणाली तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन और व्यवहार का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को छोटी उम्र से ही ईमानदारी एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि बच्चों में रचनात्मकता, मौलिक सोच, आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों का विकास करना भी है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित करती हैं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में HUDCO की ओर से श्री बलराम सिंह चौहान, श्री अशोक यादव, श्री यश गुप्ता, आयुष एवं आदित्य ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। वहीं स्थानीय सहयोगियों श्री राहुल रावत, श्री शोभित एवं श्री अंकुर ने भी विद्यालय एवं स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम के आयोजन में सराहनीय योगदान दिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। विद्यालय परिवार, स्थानीय सहयोगियों एवं HUDCO टीम के सामूहिक प्रयासों से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here