रुद्रप्रयाग, उत्तराखंड़ स्वाभिमान मोर्चा के महासचिव एवं मूल निवास भू-क़ानून संघर्ष समिति के संस्थापक संयोजक मोहित डिमरी ने राजकीय शिक्षक संगठन की पदोन्नति और स्थानांतरण संबंधी मांगों का पूर्ण समर्थन किया।
रुद्रप्रयाग में मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में धरना दे रहे शिक्षकों की मांगों का समर्थन करते हुए मोहित डिमरी ने कहा कि शिक्षक किसी भी समाज की रीढ़ होते हैं और उनकी उचित पदोन्नति व स्थानांतरण नीति शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता सुधारने में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से शिक्षक पदोन्नति और स्थानांतरण से जुड़ी समस्याओं को सरकार गंभीरता से नहीं ले रही है, जिससे शिक्षक वर्ग में व्यापक असंतोष व्याप्त है।
उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि जल्द से जल्द पारदर्शी व न्यायसंगत स्थानांतरण नीति लागू की जाए और योग्य शिक्षकों को समय पर पदोन्नति दी जाए। डिमरी ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा इस मुद्दे पर शिक्षकों के साथ खड़ा है और उनकी मांगों को पूरा करने तक संगठन संघर्षरत रहेगा।
स्थानीय शिक्षकों ने भी मोहित डिमरी के इस समर्थन का स्वागत किया और कहा कि इससे उनकी आवाज़ और बुलंद होगी।



Recent Comments