रुद्रप्रयाग। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने रविवार देर शाम केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा के दर्शन किए। उन्होंने सायंकालीन आरती में शामिल होकर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने यात्रियों के लिए अलाव की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही कालीमठ व ओंकारेश्वर मंदिर के जीर्णोद्धार कार्यों का जायजा भी लिया। सोमवार सुबह रुद्राभिषेक पूजा के पश्चात उन्होंने धाम में संचालित यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली व तीर्थ पुरोहित समाज से मिले। इसके पश्चात उन्होंने सिद्धपीठ कालीमठ के दर्शन किए। इस दौरान कालीमाई पंचगाई समिति कालीमठ ने मास्टर प्लान कार्यों के लिए बीकेटीसी के माध्यम से शासन को ज्ञापन सौंपा। ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचकर भी उन्होंने दर्शन किए और जीर्णोद्धार कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने तीर्थयात्रियों को ठंड से बचाव के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम में प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाएं और यात्रियों को निशुल्क चाय-कॉफी वितरित करें। उन्होंने बताया कि अब तक केदारनाथ धाम में 18 लाख 80 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके हैं जबकि बदरी-केदार में कुल मिलाकर साढे़ चालीस लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इस अवसर पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सतीश लखेड़ा, बीकेटीसी सदस्य राजकुमार तिवारी, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, ऊखीमठ मंदिर प्रभारी कुलदीप भट्ट आदि मौजूद रहे।





