रुद्रप्रयाग – जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय स्थित एनआईसी सभागार में जिला स्तरीय पत्रकार स्थायी समिति की सितंबर माह की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पत्रकार स्थाई समिति के सदस्यों द्वारा पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों एवं समस्याओं को जिलाधिकारी के सम्मुख रखा गया।
बैठक में कतिपय सोशल मीडिया पेजों पर पत्रकारों के विरुद्ध अभद्र टिप्पणियों एवं आपत्तिजनक पोस्ट प्रकाशित किए जाने का मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में लाया गया। जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने तथा नियमानुसार मामले की जांच के निर्देश दिए।
बैठक में दिवंगत पत्रकार दिलबर बिष्ट के परिवार को पत्रकार कल्याण कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा उनकी पत्नी को समाज कल्याण से पेंशन दिए जाने का प्रकरण रखा गया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित प्रकरण में आवश्यक पत्राचार शासन स्तर पर किए जाने की जानकारी दी। पेंशन प्रकरण में समाज कल्याण विभाग द्वारा आवश्यक कार्यवाही गतिमान होने की जानकारी भी दी गई।
इसके अतिरिक्त निजी वाहनों पर ‘प्रेस’ लिखकर घूमने वाले तथा स्वयं को पत्रकार बताने वाले व्यक्तियों के संबंध में भी कार्रवाई का अनुरोध किया गया। इस पर जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को वाहनों की नियमानुसार चेकिंग करते हुए ऐसे मामलों में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। प्रशासन एवं मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने में मदद मिलती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पत्रकारों द्वारा उठाए जाने वाले जनहित के मामलों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में वरिष्ठ पत्रकार एवं पत्रकार स्थाई समिति के सदस्य बृजेश भट्ट, देवेंद्र चमोली, अनसूया प्रसाद मलासी, ग्रामीण लक्ष्मी प्रसाद डिमरी, बद्री नौटियाल, राजेश सेमवाल सहित जिला सूचना अधिकारी के एल टम्टा, इंस्पेक्टर साइबर सेल मनोज रावत उपस्थित रहे।




