चंपावत, बनबसा में चार अक्तूबर को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में एनएचपीसी सभागार, बनबसा में बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार कहा कि बनबसा में कैबिनेट बैठक प्रस्तावित को देखते हुए कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं का समय रहते परीक्षण करने तथा जहां अतिरिक्त व्यवस्था या सुधार की जरूरत हो, उसे प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से अपने-अपने दायित्वों की नियमित निगरानी करने को भी कहा गया।
जिलाधिकारी ने वर्तमान मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौसम में संभावित बदलाव को ध्यान में रखते हुए ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे प्रतिकूल मौसम में भी कैबिनेट बैठक का संचालन सुचारु रूप से हो सके।
उन्होंने कहा कि बैठक की तैयारियों की जिला प्रशासन लगातार निगरानी करेगा। कार्यक्रम तक संबंधित विभागों के साथ नियमित समन्वय और समीक्षा की जाएगी, ताकि किसी भी स्तर पर कमी रहने की स्थिति में समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, एपीडी विम्मी जोशी, उप जिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अनिल जोशी, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, एनएचपीसी के एचआर श्रीनिवासन, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल विजय कुमार सकारिया समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




