उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2026: दीक्षांशु नेगी के शतक की बदौलत ऋषिकेश रिवर किंग्स ने देहरादून वॉरियर्स को हराया

0
30

देहरादून,  दीक्षांशु नेगी के शानदार और आतिशी शतक के दम पर ऋषिकेश रिवर किंग्स ने उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2026 के मुकाबले में देहरादून वॉरियर्स के खिलाफ एकतरफा जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऋषिकेश रिवर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 185 रनों का विशाल स्कोर बनाया, जिसके जवाब में देहरादून वॉरियर्स की टीम महज 129 रनों पर सिमट गई। इसी के साथ ऋषिकेश रिवर किंग्स ने इस मैच को 56 रनों से जीत लिया।

इससे पहले देहरादून वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका यह फैसला शुरुआत में सही साबित हुआ जब ऋषिकेश रिवर किंग्स ने तीसरे ही ओवर में अभ्युदय भटनागर और विशाल कश्यप के रूप में अपने दो शुरुआती विकेट गंवा दिए। 10 ओवर के भीतर टीम के 4 विकेट गिर चुके थे और ऋषिकेश की टीम दबाव में नजर आ रही थी।

इसके बाद क्रीज पर आए दीक्षांशु नेगी ने न सिर्फ पारी को संभाला बल्कि मैदान के चारों तरफ चौकों-छक्कों की बरसात कर दी। दीक्षांशु ने महज 57 गेंदों में 12 चौकों और 6 शानदार छक्कों की मदद से 108 रनों की आतिशी पारी खेली। उनके इस विस्फोटक शतक और अखिल रावत के 26 गेंदों में बनाए गए 31 रनों के योगदान के दम पर ऋषिकेश ने 185/5 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। देहरादून वॉरियर्स की ओर से देवेंद्र बोरा सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट झटके।

186 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी देहरादून वॉरियर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पावरप्ले के दौरान ही टीम ने अपने 2 महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। इसके बाद भी नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और 15 ओवर के भीतर ही देहरादून का स्कोर 7 विकेट पर 86 रन हो गया।

ऋषिकेश रिवर किंग्स के गेंदबाजों ने पूरे मैच के दौरान दबाव बनाए रखा और इंटरनेशनल मैचों की तर्ज पर शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए देहरादून वॉरियर्स की पूरी टीम को 19.1 ओवर में महज 129 रन पर ढेर कर दिया। आशीष चौधरी ने ऋषिकेश के लिए घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए और देहरादून के बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी।

दिन के पहले मैच में पिथौरागढ़ हरिकेन्स की रोमांचक जीत
इससे पहले दिन के पहले मुकाबले में पिथौरागढ़ हरिकेन्स ने एक बेहद रोमांचक मैच में यूएसएन इंडियंस को 4 विकेट से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए पिथौरागढ़ ने कृष्णा गर्ग के 3 विकेटों की बदौलत यूएसएन इंडियंस को 18.4 ओवर में 137 रनों पर ऑलआउट कर दिया था। लक्ष्य का पीछा करते हुए पिथौरागढ़ की टीम एक समय 14.4 ओवर में 6 विकेट पर 80 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी। लेकिन इसके बाद कप्तान मयंक मिश्रा (16 गेंदों में 33 रन) और यश शुक्ला (18 गेंदों में नाबाद 29 रन) ने नाबाद साझेदारी निभाते हुए 2 गेंद शेष रहते अपनी टीम को एक यादगार जीत दिला दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here