नैनीताल, पर्यटक नगरी में महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म का प्रयास और लूट के मामले का मात्र कुछ घंटो मे ही खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मजंूनाथ टी.सी. ने बताया कि 5 मार्च 2026 को एक महिला पर्यटक दिल्ली से देहरादून होते हुए बस से हल्द्वानी पहुँची। वहां से वह ऑटो द्वारा काठगोदाम आई और नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी किराये पर ली।
मीडिया को मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि रात्रि करीब 1ः30 बजे वल्दियाखान के पास टैक्सी चालक ने वाहन को नैनीताल ले जाने के बजाय पटवाडांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया। विरोध करने पर चालक ने महिला के साथ मारपीट की, दुष्कर्म का प्रयास किया और उसका मोबाइल फोन लूट लिया ताकि वह किसी को सूचना न दे सके।
6 मार्च की सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची, घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम से जांच कराई और साक्ष्य एकत्र किए। पीड़िता की तहरीर पर तल्लीताल थाना में मुकदमा कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गयी। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर डॉ. जगदीश चंद्र (एसपी सिटी) के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज सिंह नयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, वाहन (वैगनआर) और जीपीएस की मदद से जांच कर आरोपी को भवाली रोड स्थित पाइन्स क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक सिंह बोरा (39 वर्ष) पुत्र नंदन सिंह बोरा निवासी गुजरौड़ा फतेहपुर थाना मुखानी, नैनीताल के रूप में हुई है।
आरोपी की निशानदेही पर पीड़िता का लूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है तथा घटना में प्रयुक्त वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने कहा कि घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई वहीं 10 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया ।



Recent Comments