हल्द्वानी, राज्य में कल मतदान होना है इसके साथ ही उत्तराखंड की सभी 70 सीटों चुनाल लड़ रहे सभी प्रत्याशियों का भाग्य मत पेटियों में बंद हो जायेगा। कुमाऊं मंडल में चुनाव को लेकर पुलिस अधिकारियों ने कमर कस ली है। डीआईजी डा. नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि रविवार से कुमाऊं के चप्पे-चप्पे पर पुलिस और अन्य सुरक्षा कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं। हुड़दंग व माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीआईजी ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण चल रहा है। पोलिंग पार्टियां व पुलिस कर्मी मतदान स्थल पर ड्यूटी को पहुंचने लगे हैं। सीआरपीएफ, पुलिस, होमगार्ड, वनकर्मी, पीएसी, आइआरबी समेत कई एजेंसियां कुमाऊंभर में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि पूरे कुमाऊं में ड्यूटी के लिए 14 राजपत्रित अधिकारी, 69 कोतवाल, 544 दरोगा, 65 महिला दरोगा, 394 हेड कांस्टेबल, 3916 कांस्टेबल, 8492 होमगार्ड, पीआरडी, 575 वन दरोगा, वन रक्षक, आठ कंपनी पीएसी व 51 कंपनी सीआरपीएफ तैनात हैं। ऊधमसिंह नगर में सबसे अधिक 14 राजपत्रित अधिकारी, 24 कोतवाल, 132 दरोगा, आठ महिला दरोगा, 95 हेड कांस्टेबल, 185 महिला कांस्टेबल, 2495 होमगार्ड, पीआरडी, तीन कंपनी पीएसी, 25 कंपनी सीआरपीएफ तैनात हैं।
विस चुनाव में खड़े प्रत्याशी को तीन वाहन ही होंगे अनुमन्य
सोमवार को मतदान होना है और मतदान के दिन मतदाताओं को रिझाने की कोशिश नहीं चलेगी और इसके साथ ही प्रत्याशियों को केवल तीन वाहन अनुमन्य होंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक जोशी ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा सीट से प्रत्याशी, उसके एजेंट व समर्थकों को मिलाकर तीन वाहन अनुमन्य किए जाएंगे। प्रत्येक वाहन में चालक समेत पांच लोगों को ही बैठने की अनुमति होगी। वाहन के अगले शीशे में प्रत्याशी को ब्योरा चस्पा करना होगा। वाहनों में झंडा, चुनाव चिह्न या किसी तरह की प्रचार सामग्री लगाने की अनुमति नहीं होगी। वाहनों के संचालन के लिए अपने क्षेत्र के चुनाव अधिकारी से पूर्व अनुमति लेनी होगी। वाहन विधानसभा क्षेत्र से बाहर नहीं जा पाएंगे। राजनीतिक दलों को एक अतिरिक्त वाहन अनुमन्य होगा। इसकी अनुमति जिला निर्वाचन कार्यालय से लेनी होगी।




