भारत की बेटियों ने रचा इतिहास, अंडर-19 टी20 वर्ल्‍ड कप की बनीं पहली चैंपियन

0
1936

नई दिल्ली, । भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को इतिहास रच दिया। शैफाली वर्मा के नेतृत्‍व वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम आईसीसी अंडर-19 टी20 वर्ल्‍ड कप की पहली चैंपियन बनी। भारतीय टीम के लिए यह जीत इसलिए भी खास है क्‍योंकि उसने पहली बार विश्‍व कप खिताब जीता। इससे पहले सीनियर भारतीय महिला टीम टी20 और 50 ओवर वर्ल्‍ड कप फाइनल तक पहुंची, लेकिन खिताब जीतने में नाकाम रही। इस लिहाज से भारतीय जूनियर्स ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत ने फाइनल में इंग्‍लैंड महिला को 36 गेंदें शेष रहते हुए 7 विकेट से मात दी। इंग्‍लैंड ने पोचेफ्स्‍ट्रूम में खेले गए फाइनल मुकाबले में पहले बल्‍लेबाजी की और पूरी टीम 17.1 ओवर में 68 रन पर ऑलआउट हुई। जवाब में भारत ने 14 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्‍य हासिल किया।

भारत की पारी का हाल

69 रन के आसान लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी भारतीय महिला क्रिकेट टीम को शैफाली वर्मा (15) और श्‍वेता सेहरावत (5) ने तेज शुरुआत दिलाई। बेकर ने वर्मा को मिड ऑन पर स्‍टोनहाउस के हाथों कैच आउट कराकर भारत को पहला झटका दिया। इसके बाद श्‍वेता सेहरावत स्‍क्रीवंस की गेंद पर खराब शॉट खेलकर अपना विकेट गंवा बैठीं। शॉर्ट फाइन लेग पर बेकर ने सेहरावत का आसान कैच लपका।

यहां से सौम्‍या तिवारी (24*) और गोनगाडी त्रिशा (24) ने तीसरे विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी करके भारत को जीत के करीब पहुंचाया। स्‍टोनहाउस ने त्रिशा को बोल्‍ड करके भारत को तीसरा झटका दिया। तिवारी ने विजयी रन जमाकर भारत को चैंपियन बनाया। इंग्‍लैंड की तरफ से हनाह बेकर, ग्रेस स्‍क्रीवंस और एलेक्‍सा स्‍टोनहाउस को एक-एक विकेट मिला।

भारतीय गेंदबाजों का बोलबाला

भारतीय कप्‍तान शैफाली वर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जिसे उसके गेंदबाजों ने एकदम सटीक ठहराया। तितस साधू ने लिबर्टी हीप को खाता भी नहीं खोलने दिया और अपनी गेंद पर उनका आसान कैच लपका।

इसके बाद अर्चना देवी ने चौथे ओवर में नियाम हौलेंड (10) व ग्रेस स्‍क्रीवंस (4) को अपना शिकार बनाया। साधू ने अपने स्‍पेल के आखिरी ओवर में सीरेन स्‍मेल (3) को बोल्‍ड करके इंग्‍लैंड को बैकफुट पर धकेल दिया। इंग्‍लैंड ने 22 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे।

भारतीय गेंदबाजों ने अपना दबदबा कायम रखा और इंग्‍लैंड को उबरने का कोई मौका नहीं दिया। पार्शवी चोपड़ा ने कारिस पावले (2) को एलबीडब्‍ल्‍यू आउट करके इंग्‍लैंड को पांचवां झटका दिया। चोपड़ा की गेंद पर अर्चना देवी ने शॉर्ट कवर्स में हैरतअंगेज कैच पकड़कर रेयाना मैक्‍डोनाल्‍ड गे की पारी का अंत किया।

देखते ही देखते इंग्‍लैंड की पूरी टीम केवल 68 रन पर सिमट गई। भारत की तरफ से तितस साधू, अर्चना देवी और पार्शवी चोपड़ा ने दो-दो विकेट लिए। मन्‍नत कश्‍यप, शैफाली वर्मा और सोनम यादव के खाते में एक-एक सफलता आई।

भारत महिला अंडर-19 प्लेइंग इलेवन : शैफाली वर्मा (कप्तान), श्वेता सेहरावत, सौम्या तिवारी, गोनगाडी त्रिशा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), ऋर्षिता बसु, तितस साधू, मन्नत कश्यप, अर्चना देवी, पार्शवी चोपड़ा, सोनम यादव।

इंग्लैंड महिला अंडर-19 प्लेइंग इलेवन : ग्रेस स्‍क्रीवेंस (कप्तान), लिबर्टी हीप, नियाम फियोना हौलेंड, सेरेन स्मेल, रयान मैकडोनाल्ड गे, कारिस पावेली, एलेक्सा स्टोनहाउस, सोफिया स्मेल, जोसी ग्रूव्‍स, ऐली एंडरसन, हनाह बेकर।