हरमल (देवाल) के नायब सूबेदार विश्वनाथ प्रताप सिंह गड़िया का बारामूला में निधन, परिवार में पसरा मातम

0
80

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
जनपद चमोली के विकासखंड देवाल के ग्राम हरमल निवासी भारतीय सेना की 11 गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायब सूबेदार विश्वनाथ प्रताप सिंह गड़िया का 28 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर के बारामूला में हार्ट अटैक आने से निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पैतृक गांव हरमल सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश सिंह गढ़िया द्वारा दूरभाष पर दी गई जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ प्रताप सिंह गड़िया ने भारतीय सेना में करीब 24 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं। देश सेवा के प्रति उनका समर्पण और सैन्य परिवार की पृष्ठभूमि उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रही। उनके पिता देव सिंह गड़िया भी पूर्व सैनिक रहे हैं, जबकि उनके दो बड़े भाई नरेंद्र सिंह और प्रवीण सिंह भी भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
नायब सूबेदार विश्वनाथ प्रताप सिंह गड़िया अपने पीछे पिता देव सिंह गड़िया, माता नारायणी देवी, पत्नी जानकी देवी, सात वर्षीय बेटी शानवी और चार वर्षीय बेटे श्रेयांश को छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है। विशेषकर छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिवार और गांव में हर आंख नम है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here