बद्रीनाथ धाम के अपमान पर उक्रांद आक्रोशित,भाजपा सरकार का पुतला फूंका

0
44

देहरादून, बद्रीनाथ धाम के अराइवल प्लाजा में हुए गायिका प्रियंका मेहर के कार्यक्रम पर उक्रांद ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों ले लिया है । उत्तराखंड क्रांति दल ने सरकार पर बद्रीनाथ धाम की परंपराएं तोड़ने का आरोप लगाते हुए सरकार का पुतला दहन किया ।
द्रोण चौक पर एकत्रित हुए उक्रांद पदाधिकारियों ने ऊंची आवाजों में हुए कार्यक्रम से धामों की मर्यादाओं के उल्लंघन पर नाराजगी व्यक्त की ।
केंद्रीय उपाध्यक्ष शांति प्रसाद भट्ट ने कहा कि भाजपा सरकार कदम कदम पर सनातन की मर्यादाओं को तार तार कर रही है । बद्रीनाथ धाम में हुआ यह आयोजन
न सिर्फ पवित्र बद्रीनाथ धाम की मर्यादाओं पर भी ठेस पहुँचा रहा है बल्कि समस्त देश वासियों की श्रद्धा पर भी हमला है ।
केंद्रीय महामंत्री संगठन गणेश काला ने कहा कि बद्रीनाथ धाम पूरे विश्व के हिंदुओं की आस्था से जुड़ा क्षेत्र  है । जिस बद्रीनाथ धाम में शंख बजाना तक वर्जित है वहां इतनी ऊंची आवाजों में डीजे और स्पीकर बजना भाजपा सरकार के सनातन विरोधी चेहरे को उजागर करता है ।
केंद्रीय महामंत्री देवचन्द्र उत्तराखंड़ी ने कहा कि भाजपा सरकार उच्च हिमालय क्षेत्रों की संवेदनशीलता का भी ख्याल नहीं रख पा रही है । जहां भाजपा सरकार ने उच्च हिमालय को बचाने के लिए पर्यावरण के पक्ष की नीतियां बनानी थी,वह भाजपा सरकार खुद हिमालय खत्म करने में तुली हुई है ।
केंद्रीय सह मीडिया प्रभारी प्रकाश भट्ट ने कहा कि ऐसे आयोजनों से भाजपा सरकार का दोहरा चाल और चरित्र उजागर हो जाता है । भाजपा सरकार ऐसे आयोजनों में उत्तराखंड की जनता से सार्वजनिक माफी मांगे और आगे से धामों में और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ऐसे आयोजनों नहीं करने का जनता से वादा करे ।
मूल निवास भू कानून प्रकोष्ठ के अध्यक्ष लूशुन टोडरिया ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा बद्रीनाथ के कपाट खुलने के समय भी बद्रीनाथ मंदिर के ऊपर हेलिकाप्टर से पुष्प वर्षा की थी और उस दौरान भी स्थानीय तीर्थपुरोहितों ने विरोध किया था । केदारनाथ में भी तेज़ आवाज में डीजे बजने का विरोध हो चुका है उसके बावजूद भाजपा सरकार ने अपनी गलतियों से सीख लेने के बजाय अपने हिमालयी विरोधी कृत्यों को जारी रखा है । उत्तराखंड क्रांति दल उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हो रहे ऐसे आयोजनों का पुरजोर विरोध करता है ।
पुतला दहन में वरिष्ठ कार्यकर्ता पान सिंह रावत, तराई प्रभारी राजेंद्र बिष्ट,महिला प्रकोष्ठ की उपाध्यक्ष संगीता सकलानी बहुगुणा, महानगर महामंत्री अजय सिंह,राकेश नेगी,देवेंद्र बहुगुणा, सुचेता उनियाल आदि मौजूद रहे।।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here