प्रदर्शन के दौरान पुलिस से नोक झोक और धक्का मुक्की, सीईसी को भंग करने की मांग
देहरादून(दीपक पंवार), मुख्य निर्वाचन आयुक्त को भंग करने की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए कांग्रेसियों ने चुनाव आयोग कार्यालय के लिए कूच किया। पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग्स लगाकर पहले ही रोक दिया। इस मौके पर कांग्रेसियों की पुलिस के साथ तीखी नोंकझोंक और धक्का मुक्की हुई। कांग्रेसी वहां से एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह को ज्ञापन सौंपकर लौट गये।
शुक्रवार को पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के निर्देशन में और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से कांग्रेसियों ने नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। काफी संख्या में प्रदेशभर से आये कांग्रेसियों ने एकजुटता दिखाते हुए चुनाव आयोग कार्यालय के लिए कूच किया।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री हरदा भी प्रदर्शनकारियों के साथ मौजूद रहे। पुलिस ने चुनाव आयोग के कार्यालय से पहले ही बैरिकेट्स लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। तेज गर्मी भी कांग्रेसियों के हौसले को कम नहीं कर सकी। प्रदर्शनकारियों ने वहीं सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों का कहना है कि भारी संख्या में वोट काटकर वोट चोरी की साजिश रची जा रही है। इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त को भंग करना चाहिए। उन्होंने कहा यदि उनकी बात को नहीं सुना गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, संगठन उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, सुजाता पॉल, प्रदेश प्रवक्ता प्रतिमा सिंह, गरिमा सिंह, करण माहरा, सोनी आनंद, विधायक ममता राकेश आदि ने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर भारी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।




