देहरादून, 55वें केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) राष्ट्रीय खेलकूद समारोह 2026 के तीसरे दिन देहरादून के विभिन्न खेल मैदानों पर फुटबॉल के रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। अंडर-17 बालिका एवं अंडर-14 वर्ग के मुकाबलों में देशभर से आए केंद्रीय विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट टीमवर्क, रणनीतिक कौशल, अनुशासन एवं खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
दिन के प्रमुख आकर्षणों में सुरजीत सिंह, सहायक आयुक्त, केवीएस क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने अंडर-17 वर्ग की युवा खिलाड़ियों से मैदान पर संवाद किया तथा उनका उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ एवं आशीर्वाद प्रदान किया।
अंडर-17 बालिका वर्ग के मुकाबले पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आईएमए में खेले गए। मेजबान देहरादून की टीम ने शानदार आक्रामक प्रदर्शन करते हुए हैदराबाद को 13–0 के विशाल अंतर से पराजित किया। इसी मैदान पर खेले गए अन्य मुकाबलों में बेंगलुरु ने रांची को 6–2, जबकि मुंबई ने भोपाल को 3–0 से हराया। वहीं जयपुर और चेन्नई के बीच मुकाबला अत्यंत संघर्षपूर्ण रहा, जो 1–1 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
केवी एफआरआई में आयोजित अंडर-17 बालिका वर्ग के मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। दिल्ली ने पटना को 5–0 से पराजित करते हुए शानदार जीत दर्ज की। वहीं कोलकाता ने आगरा को 3–0 तथा एर्नाकुलम ने गुरुग्राम को 3–0 से हराया। एक अन्य मुकाबले में सिलचर ने लखनऊ को 2–0 से पराजित करते हुए बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।
इसी क्रम में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बीरपुर में आयोजित अंडर-14 वर्ग के मुकाबले में मेजबान देहरादून ने दिल्ली को 2–0 से हराकर जीत दर्ज की। मुकाबला दोनों टीमों के बीच कड़ा एवं प्रतिस्पर्धात्मक रहा।
राष्ट्रीय खेलकूद समारोह के तीसरे दिन के मुकाबलों ने एक बार फिर केंद्रीय विद्यालय संगठन के विद्यार्थियों में निहित उत्कृष्ट खेल प्रतिभा, अनुशासन, टीम भावना एवं प्रतिस्पर्धात्मक जज्बे को प्रदर्शित किया। यह आयोजन युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ खेलों के माध्यम से आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं खेल भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहा है।




