देहरादून (दीपक पंवार), एमकेपी पीजी कॉलेज, देहरादून में छात्र संघ चुनाव 2026-27 को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने अपने अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। एबीवीपी ने विभिन्न पदों के लिए प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं।
घोषित प्रत्याशियों में अध्यक्ष पद के लिए आयुषी पैनुली, उपाध्यक्ष पद के लिए इकरा, सचिव पद के लिए कृति नेगी, सह-सचिव पद के लिए प्रीणु थापा, कोषाध्यक्ष पद के लिए कशिश वर्मा और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए परिणा नेगी को प्रत्याशी बनाया गया है।
अध्यक्ष पद की प्रत्याशी आयुषी पैनुली ने कहा कि कॉलेज में शिक्षकों की कमी और नियमित कक्षाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुख मुद्दे हैं। इसके अलावा कॉलेज की अन्य महत्वपूर्ण समस्याओं को लेकर भी छात्र हित में आवाज उठाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद कॉलेज प्रशासन के समक्ष इन समस्याओं को प्रमुखता से रखा जाएगा और उनके समाधान के लिए काम किया जाएगा। एबीवीपी प्रत्याशियों ने छात्र हित से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरने की बात कही है।




