साइबर सुरक्षा मजबूत करने के साथ एआई का उपयोग समाधान देने में हो : प्रदीप बत्रा

0
6

‘आईटीडीए और यूकास्ट की समीक्षा बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को दिए आधुनिक तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल के निर्देश’

देहरादून, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा ने विधानसभा स्थित सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ सूचना प्रौद्योगिकी, साइबर सुरक्षा और विज्ञान एवं तकनीक से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। बैठक में नए डाटा सेंटर को अत्याधुनिक तकनीकों से लैस करने के साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के व्यापक उपयोग पर चर्चा हुई।
मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में एआई का उपयोग केवल डाटा एकत्र करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका इस्तेमाल विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान खोजने और सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने में किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को नई तकनीकों के अनुरूप कार्यप्रणाली विकसित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उत्तराखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकास्ट) के कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अल्मोड़ा और चंपावत में निर्माणाधीन साइंस सिटी तथा देहरादून में बन रहे साइंस एंड इनोवेशन सेंटर की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि साइंस सिटी में स्थापित होने वाली विभिन्न प्रयोगशालाओं का प्रदेश के विकास में प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन प्रयोगशालाओं के माध्यम से प्रदेश के बच्चों को मोबाइल ऐप के जरिए व्यावहारिक शिक्षा और अन्य उपयोगी सुविधाएं उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर काम किया जाए। इससे बच्चों को विज्ञान और तकनीक से जोड़ने में मदद मिलेगी।
मंत्री ने पाइनवुड से तैयार होने वाले उत्पादों के स्थानीय स्तर पर उपयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि महिला समूहों और ग्रामीणों की भागीदारी से पाइनवुड का उपयोग ईंधन और कोयले के रूप में करने की दिशा में काम किया जाए, ताकि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर भी पैदा हो सकें।
उन्होंने आईटी क्षेत्र में कार्यरत कार्मिकों को अनिवार्य प्रशिक्षण दिलाने पर जोर दिया। मंत्री ने कहा कि एआई और नई तकनीकों के अनुरूप कार्मिकों की क्षमता विकसित करना जरूरी है। इसके साथ ही साइबर सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव पंकज कुमार पांडेय, अपर सचिव गिरीधारी सिंह रावत, महानिदेशक दुर्गेश पंत सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here