पीएम श्री केवी आईएमए में 55वीं केंद्रीय विद्यालय संगठन राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

0
1

देहरादून, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय भारतीय सैन्य अकादमी , देहरादून में 55वीं केंद्रीय विद्यालय संगठन राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 के अंतर्गत फुटबॉल (अंडर-17 बालिका वर्ग) प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। पाँच दिवसीय यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 21 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें केंद्रीय विद्यालय संगठन के विभिन्न संभागों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
उद्घाटन समारोह का शुभारंभ राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के कैडेटों द्वारा मुख्य अतिथि माननीय श्री सौरभ थपलियाल, महापौर, देहरादून के औपचारिक एवं गरिमापूर्ण स्वागत के साथ हुआ। तत्पश्चात पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून के प्राचार्य श्री माम चन्द जी की अगुवाई में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
ध्वजारोहण के पश्चात बैंड की ओजस्वी धुनों के मध्य एनसीसी कैडेटों तथा 16 संभागों से आए प्रतिभागी खिलाड़ियों द्वारा भव्य मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। प्रतिभागियों ने अनुशासन एवं उत्साह का परिचय देते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। मार्च पास्ट के उपरांत देहरादून संभाग की कप्तान ने खिलाड़ियों को शपथ दिलवायी तथा प्रतियोगिता के नियमों एवं खेल भावना का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि श्री सौरभ थपलियाल, महापौर, देहरादून ने प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की।
इसके उपरांत विद्यालय के प्राचार्य माम चन्द जी द्वारा मुख्य अतिथि सौरभ थपलियाल, विशिष्ट अतिथि श्रीमती प्रीति सक्सेना, उपायुक्त, केंद्रीय विद्यालय संगठन, देहरादून संभाग, सुजीत सिंह, सहायक आयुक्त, केंद्रीय विद्यालय संगठन, देहरादून संभाग प्रतियोगिता पर्यवेक्षक सुश्री संगीता खुराना, उपप्राचार्या, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, रूड़की क्रमांक-1 ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। मुख्य रेफरी कैलाश जोशी एवं विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों से पधारे निर्णायक मंडल के सदस्यों का भी हरित पौध भेंट कर स्वागत किया गया।तत्पश्चात विद्यालय के प्राचार्य श्री माम चन्द जी ने सभी गणमान्य अतिथियों का औपचारिक स्वागत करते हुए विद्यालय की खेल गतिविधियों एवं खेल क्षेत्र में विद्यालय की उपलब्धियों से उपस्थित जनसमुदाय को अवगत कराया।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा संगीतमय योग एवं फ्यूजन नृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियाँ दी गईं। इन प्रस्तुतियों ने समारोह को आकर्षक एवं जीवंत बना दिया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण, खेल भावना एवं पूर्ण उत्साह के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के प्रथम दिन फुटबॉल के अंडर-17 बालिका वर्ग में रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रथम मुकाबला देहरादून संभाग एवं भोपाल संभाग के मध्य हुआ, जिसमें देहरादून संभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11-0 से विजय प्राप्त की। दूसरे मुकाबले में दिल्ली संभाग एवं कोलकाता संभाग आमने-सामने रहे, जिसमें दिल्ली संभाग ने 4-1 से जीत दर्ज की।
इसी क्रम में अंडर-14 बालिका वर्ग के मुकाबले केंद्रीय विद्यालय बीरपुर में आयोजित किए गए, जिसमें देहरादून संभाग एवं बेंगलुरु संभाग के मध्य हुए मुकाबले में देहरादून संभाग ने 2-0 से शानदार विजय प्राप्त की।
इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में दिल्ली, आगरा, बेंगलुरु, भोपाल, चेन्नई, एर्नाकुलम, गुरुग्राम, हैदराबाद, जयपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, पटना, रांची, सिलचर एवं देहरादून सहित विभिन्न संभागों से बालिका फुटबॉल टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। विभिन्न क्षेत्रों से आई प्रतिभागी छात्राएँ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दे रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here