हरिद्वार, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ आर्किटेक्ट्स (IIA) उत्तराखंड चैप्टर की 2026–28 कार्यकारिणी की प्रथम सामान्य सभा एवं स्थापना समारोह का आयोजन होटल सरोवर पोर्टिको, हरिद्वार में गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 40 वास्तुविदों IIA सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नवनिर्वाचित अध्यक्ष आर्किटेक्ट मनबर सिंह नेगी के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए उत्तराखंड में वास्तुकला के क्षेत्र को अधिक सक्रिय, संगठित और पेशेवर रूप से सशक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर 2026–28 की नई कार्यकारिणी का औपचारिक स्थापना समारोह भी आयोजित किया गया। नवगठित कार्यकारिणी में अध्यक्ष आर्किटेक्ट मनबर सिंह नेगी, उपाध्यक्ष आर्किटेक्ट अखिलेश कुमार, कोषाध्यक्ष आर्किटेक्ट सुबोध डोभाल, संयुक्त सचिव आर्किटेक्ट कनव कुमार अग्रवाल तथा कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में आर्किटेक्ट संजय भार्गव, जितेंद्र सरोही, नीरज त्यागी, रितेश कुमार, उमेश चंद्र मिश्रा, मेघा वी., सलोनी अग्रवाल, रोहित कुंवर, मनीषा सिंह एवं ब्लेसी मारिया शामिल हैं।
सामान्य सभा में उत्तराखंड के वास्तुकारों की व्यावसायिक और तकनीकी क्षमताओं को बढ़ाने, सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल भवन निर्माण को प्रोत्साहित करने तथा युवा वास्तुकारों के लिए मार्गदर्शन और क्षमता-निर्माण के अवसर उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान भवन निर्माण में प्लाईवुड के उपयोग विषय पर एक तकनीकी सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें भवनों के आंतरिक डिजाइन और निर्माण में प्लाईवुड के विभिन्न उपयोगों तथा उससे जुड़े तकनीकी पहलुओं की जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉक्टर ललित नारायण मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। उन्होंने वास्तुकला के क्षेत्र में नवाचार, सतत विकास और जनहितकारी निर्माण को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
अध्यक्ष आर्किटेक्ट मनबर सिंह नेगी ने कहा कि IIA उत्तराखंड चैप्टर राज्य के वास्तुकारों को साझा मंच प्रदान करते हुए पेशेवर उत्कृष्टता, सतत विकास, तकनीकी ज्ञान और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्रों में निरंतर कार्य करेगा।
कार्यक्रम में सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए नई कार्यकारिणी को सहयोग और समर्थन देने का आश्वासन दिया। बैठक का संचालन आर्किटेक्ट कनव कुमार अग्रवाल ने किया।वरिष्ठ आर्किटेक्ट बृजपंजवानी द्वारा अनुभव सांझा किए।अंत में संयुक्त सचिव आर्किटेक्ट संजय भार्गव ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, सभी पदाधिकारियों, सदस्यों, अतिथियों तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
IIA उत्तराखंड चैप्टर ने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी के कार्यकाल में राज्य में वास्तुकला के क्षेत्र में नए विचारों, तकनीकी नवाचारों और सामूहिक प्रयासों को नई गति मिलेगी।




