देहरादून। देश में UPI (यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस) लेनदेन पर शुल्क लगाए जाने की जारी चर्चाओं को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस कदम की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे आम जनता के साथ सीधा धोखा करार दिया है।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने तंज कसते हुए कहा कि ₹2,000 से अधिक के डिजिटल लेनदेन पर चार्ज लगाने की योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपने जन्मदिन पर देश की जनता को दिया गया एक ‘अनोखा तोहफा’ है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री ‘अच्छे दिनों’ का वादा करके सत्ता में आए थे, लेकिन अब बजट सत्र समाप्त होते ही अचानक इस प्रकार के जनविरोधी फैसलों को चोर दरवाजे से लागू करने की तैयारी की जा रही है।”
गोदियाल ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि डिजिटल लेनदेन पर किसी प्रकार का शुल्क लगाना इतना ही आवश्यक था, तो इसका स्पष्ट प्रावधान आम बजट में किया जाना चाहिए था। बजट में इस विषय का कोई उल्लेख न करना और बाद में ऐसा प्रस्ताव लाना यह दर्शाता है कि सरकार जनता से सच छुपा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि डिजिटल इंडिया का ढिंढोरा पीटने वाली सरकार अब आम नागरिकों और छोटे व्यापारियों की जेब पर डाका डालने का काम कर रही है। कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि सरकार की इस वादाखिलाफी और कथित ‘जन्मदिन के तोहफे’ को देश की जनता कभी नहीं भूलेगी।




