देहरादून, सहकार भारती, उत्तराखण्ड द्वारा अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस के अवसर पर 04 एवं 05 जुलाई, 2026 को “लक्ष्मणराव इनामदार एम-पैक्स (MPACS) पदाधिकारी प्रशिक्षण वर्ग” का आयोजन माधव सिंह भण्डारी किसान भवन, 6 रिंग रोड, अपर नथनपुर, देहरादून में किया जा रहा है।
यह प्रशिक्षण वर्ग उत्तराखण्ड शासन के सहकारिता विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग एवं वन विभाग के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण वर्ग में गढ़वाल मण्डल के सात जनपदों की 54 एम-पैक्स (MPACS) के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, निदेशकगण एवं अन्य पदाधिकारी सहभागिता करेंगे। अधिकांश प्रतिभागी लघु एवं सीमान्त कृषक हैं, जो सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने तथा किसानों के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य एम-पैक्स के निर्वाचित पदाधिकारियों के नेतृत्व एवं प्रबंधकीय कौशल का विकास, सहकारी सुशासन को सुदृढ़ करना, बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि ऋण समितियों को अधिक सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाना तथा सहकारिता के माध्यम से किसानों की आय वृद्धि एवं ग्रामीण समृद्धि के लक्ष्य को गति प्रदान करना है।
प्रशिक्षण वर्ग का एक प्रमुख उद्देश्य सहकार भारती के मूल मंत्र—”बिना संस्कार नहीं सहकार, बिना सहकार नहीं उद्धार”—को व्यवहार में उतारना भी है। सहकार भारती का मानना है कि सहकारी संस्थाओं की सफलता केवल वित्तीय संसाधनों, भवनों अथवा प्रशासनिक दक्षता पर निर्भर नहीं करती, बल्कि उनके संचालकों के नैतिक मूल्यों, पारदर्शिता, ईमानदारी, सेवा-भाव, उत्तरदायित्व, अनुशासन तथा राष्ट्रहित के प्रति समर्पण पर आधारित होती है।
इस प्रशिक्षण में सहकारी प्रबंधन के तकनीकी विषयों के साथ-साथ संस्कार आधारित नेतृत्व (Value-based Leadership), सहकारिता के जीवन-मूल्य, सुशासन, संगठनात्मक अनुशासन तथा समाज एवं राष्ट्र सेवा की भावना का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यह जानकारी हमें
संजय पांचपोर (राष्ट्रीय संगठन मंत्री)
सुनील गुप्ता (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष)
विनोद गौड़ (प्रदेश अध्यक्ष)
मणि राम नौटियाल (प्रदेश सह संगठन मंत्री )
सुधीर कुमार जोशी (प्रदेश कोषाध्यक्ष) द्वारा प्राप्त हुई

Recent Comments