रुद्रप्रयाग – “भारत रत्न” पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष को भारतीय जनता पार्टी “अटल स्मृति वर्ष“ के रुप में मनाने जा रही है। जिसके अंतर्गत 25 दिसंबर को रुद्रप्रयाग विधान सभा एवं 29 दिसंबर को केदारनाथ विधानसभा में बृहद स्तर पर सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। तथा 25 दिसंबर से 31 दिसंबर तक मंडल मुख्यालयों पर सुशासन दिवस के रुप में गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।
भाजपा जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग में आज एक कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमे कार्यक्रम की सफलता के लिये चर्चा की गयी। कार्यक्रम में जिला प्रभारी सतीश लखेड़ा मौजूद रहे।
इस अवसर पर वरिष्ठ पदाधिकारियों को जिला एवं मंडल स्तर पर संयोजक एवं सहसंयोजक की जिम्मेदारियां दी गई है।
कार्यक्रम मैं जिला प्रभारी सतीश लखेड़ा ने कहा कि यह वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी वर्ष है, जिनके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत 21वीं सदी में अग्रसर हुआ। उनके सुशासन की विरासत में पोखरण-द्वितीय परियोजना, कारगिल युद्ध के दौरान उनका नेतृत्व और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का शुभारंभ जैसी महत्वपूर्ण उपलब्धियां शामिल हैं। उनकी विरासत को सम्मान देने और नागरिकों को प्रेरित करने के लिए यह अभियान चलाया जाएगा। जो संवाद, सांस्कृतिक और शासन केंद्रित पहलों के माध्यम से उनके जीवन, उपलब्धियों और चिरस्थायी मूल्यों को उजागर करेगा।
इस दौरान जिला सह प्रभारी श्री रघुवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने भावपूर्ण संदेश में लिखा था कि 25 दिसंबर का दिन भारतीय राजनीति और भारतीय जनमानस के लिए एक तरह से सुशासन का अटल दिवस है। देश उन्हें आदर्श विभूति के रूप में याद कर रहा है। सौम्यता, सहजता और सहृदयता के साथ उनकी राजनीति और उनके योगदान के प्रति देश कृतज्ञ है।
जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि संगठन का मंतव्य स्पष्ट किया गया है। जिसमें प्रमुख है, अटल जी की राजनीतिक यात्रा एवं सुशासन में उनके योगदान का उत्सव मनाना, जिसमें बुनियादी ढांचे, विदेश नीति और जन कल्याण के क्षेत्र में किए गए महत्वपूर्ण सुधार शामिल हैं। बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक कार्यकर्ताओं को संगठित करके पार्टी संगठन को मजबूत करना, विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए राष्ट्रव्यापी सहभागिता के लिए अटल के राष्ट्र-प्रथम मूल्यों को उजागर कर नागरिकों एवं युवाओं को प्रेरित करना। उन्होंने कहा कि विधायक समेत सभी निर्वाचित प्रतिनिधि एवं संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अभियान की योजना एवं क्रियान्वयन में सक्रिय रूप से सहभागिता करेंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला संयोजक के रूप में जिला महामंत्री अरुण चमोली, सह संयोजक के रूप में विनोद देवशाली, अजय सेमवाल, जयप्रकाश सेमवाल, प्रदीप राणा को जिम्मेदारियां दी गई।
इस दौरान कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अध्यक्ष जिला पंचायत पूनम कठेत ने भी कार्यशाला में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया। कार्यशाला का संचालन जिला महामंत्री अरुण चमोली एवं राय सिंह राणा ने किया।
इस दौरान कार्यशाला में पूर्व जिला अध्यक्ष वाचस्पति सेमवाल, जिला महामंत्री अरुण चमोली, राय सिंह राणा, जिला उपाध्यक्ष विनोद देवशाली, पार्वती गोस्वामी, रीना बिष्ट, जिला मंत्री बिना राणा,मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुमन जमलोकी, सतीश गोस्वामी, मुकीम अहमद, हर्ष लाल तथा पूर्व जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष सविता भंडारी, सभी मंडलों के मंडल अध्यक्ष, जिलों के पदाधिकारी सहित सभी अपेक्षित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




Recent Comments