नैनीताल(आरएनएस)। महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि डेमोग्राफी में हो रहा बदलाव कोई राजनीतिक बयान नहीं बल्कि, एक यथार्थ है। कुछ तत्व जानबूझकर कुप्रयास कर रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार दोनों स्तरों पर इस पर रोक लगाने का प्रयास किया जा रहा है। आने वाले समय में इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे। इससे पहले रविवार को नैनीताल क्लब स्थित मानस कुंज में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। कोश्यारी ने बीते दिनों अग्निकांड में क्षतिग्रस्त हुए सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय का निरीक्षण किया और घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन को आग लगने के कारणों की गंभीरता से जांच करनी चाहिए। कोश्यारी ने बताया कि विद्यालय की स्थापना उनके प्रयासों से हुई थी, इसलिए यह घटना उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी पीड़ादायक है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम नवाजिश खलीक ने उन्हें बताया कि विद्यालय के सभी 126 छात्रों के लिए सूखाताल स्थित ऐशडेल स्कूल में वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। जहां पांच कमरों में सोमवार से विद्या मंदिर के छात्रों के पठन-पाठन का काम शुरू किया जाएगा। कोश्यारी ने कहा कि जिन-जिन राज्यों में 2027 में चुनाव होंगे, वहां भाजपा एक बार फिर सरकार बनाएगी और पार्टी नई ऊंचाइयों को छूएगी। बागेश्वर खनन प्रकरण पर उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में ठीक से जांच करने के निर्देश दिए हैं और उन्हीं निर्देशों के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में पहले से ही पलायन एक बड़ी समस्या है। सरकार और समाज दोनों को मिलकर इस पर गंभीरता से ध्यान देना होगा, ताकि पलायन को रोका जा सके। इस दौरान नैनीताल विधायक सरिता आर्या, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, विमला अधिकारी, गोपाल रावत, नितिन कार्की, मनोज जोशी, निखिल बिष्ट, दया किशन पोखरिया, आनंद बिष्ट, मोहित साह, हरीश राणा, ग्राम प्रधान विक्रम कुमार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद कुमार, आशीष बजाज, पंकज भट्ट, अजय अरोड़ा, शैलेंद्र आदि मौजूद रहे।



Recent Comments