Tuesday, April 21, 2026
HomeUncategorizedकेदारनाथ धाम के लिए रवाना हुई बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली

केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुई बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली

देवेन्द्र चमोली

रुद्रप्रयाग – करोड़ों हिन्दुओं की आस्था के प्रतीक भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली आज शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से केदारनाथ धाम के लिये रवाना हो गयी। विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार , परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुशार मंदिर की परिक्रमा के उपरांत डोली ने हजारों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं की उपस्थिति में अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया। डोली तीन पड़ावों के बाद धाम पहुंचेगी जहां 22 अप्रैल को बाबा केदार के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे।

आज प्रातः से ही शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में पूजा अर्चना के उपरांत डोली ने केदारनाथ धाम के लिये प्रस्थान किया। डोली प्रस्थान के दौरान पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। बड़ी संख्या में भक्त डोली के साथ पैदल यात्रा पर निकले।

इस अवसर पर मंदिर परिसर को लगभग आठ कुंतल फूलों से से सजाया गया, इससे पूर्व कल शनिवार रात्रि को भक्तिमय वातावरण के साथ परंपरा के अनुसार भैरवनाथ जी की पूजा-अर्चना भी संपन्न की गई।

तय कार्यक्रम के अनुसार डोली ऊखीमठ से प्रस्थान कर गुप्तकाशी पहुंचेगी, जहां श्री विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं को दर्शन देने हेतु अल्प विश्राम किया जाएगा। इसके पश्चात डोली फाटा के लिए प्रस्थान करेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। आगामी 20 अप्रैल को डोली फाटा से प्रस्थान कर गौरीकुंड स्थित गौरीमाई मंदिर पहुंचेगी, रात्रि विश्राम के पश्चात 21 अप्रैल को प्रातः गौरीकुंड से प्रस्थान कर डोली श्री केदारनाथ धाम पहुंचेगी और मंदिर भंडार में विराजमान होगी। 22 अप्रैल 2026 को प्रातः 08:00 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।

जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग एवं मुख्य कार्याधिकारी बी.के.टी.सी. विशाल मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि मा० मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार डोली यात्रा एवं इस यात्रा सीजन के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है। साथ ही स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, विद्युत, सड़क एवं पैदल मार्गों का सुदृढ़ीकरण, बर्फ हटाने सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं लगभग पूर्ण कर ली गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल , बीकेटीसी के उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, दर्जा धारी चण्डी प्रसाद भट्ट, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी छैत्रीय जनता व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments