Monday, May 6, 2024
HomeTrending Nowउत्तराखंड त्रिस्तरीय पंचायत संगठन ने की भावी कार्यक्रम की घोषणा, 6 फरवरी...

उत्तराखंड त्रिस्तरीय पंचायत संगठन ने की भावी कार्यक्रम की घोषणा, 6 फरवरी को करेंगे विधान सभा कूच

“पंचायत और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव जनता के माध्यम से हो”

 

देहरादून, उत्तराखंड त्रिस्तरीय पंचायत संगठन की राज्य संचालन समिति की ओर से दो वर्ष का कार्यकाल बढ़ाने और एक राज्य एक चुनाव के तहत पंचायत और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव जनता के माध्यम से किये जाने के साथ अन्य मांगों को लेकर आज स्थानीय प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया | पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम संयोजक जगत मर्तोलिया, ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष भास्कर सम्मल, क्षेत्र प्रमुख संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर दर्शन सिंह दानू, जिला पंचायत सदस्य संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ प्रदीप भट्ट, क्षेत्र प्रमुख संगठन के प्रदेश महामंत्री बचन पंवार, ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश महामंत्री कुंडल सिंह महर,ग्राम प्रधान संगठन के चमोली जिले के अध्यक्ष गोवर्धन प्रसाद के साथ अन्य समिति के सदस्य मौजूद रहे |
पत्रकारों से रूबरू होते ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष भास्कर सम्मल कहा कि उत्तराखंड़ के 12 जनपदों में त्रिस्तरीय पंचायत का कार्यकाल 2024 की दिसंबर माह में समाप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि 2019 में हुए त्रिस्तरी पंचायत के चुनाव के बाद 2 वर्ष तक कोविड-19 के कारण पंचायत की सामान्य बैठकें भी नहीं हुई। इस कालखंड को पंचायत के कार्यकाल से नहीं जोड़ा जा सकता है। इसी के साथ एक राज्य में पंचायत के दो चुनाव हो रहे हैं। “एक राज्य- एक चुनाव” के सिद्धांत को अपनाते हुए राज्य सरकार हरिद्वार जनपद के साथ उत्तराखंड के शेष 12 जनपदों का चुनाव कराने के लिए 2 वर्ष का कार्यकाल बढ़ाते हुए “एक राज्य-एक चुनाव “के लक्ष्य को पूर्ण कर सकती है।

क्षेत्र प्रमुख संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर दर्शन सिंह दानू ने उदाहरण देते हुये कहा कि कोविड 19 के शुरू होने के समय झारखंड राज्य में पंचायत का कार्यकाल पूर्ण हो रहा था। झारखंड की सरकार ने 6-6 माह का अध्यादेश लाकर वहां की पंचायतों का कार्यकाल बढ़ाया। इसी तरह उत्तराखंड की सरकार भी अध्यादेश लाकर पंचायत का कार्यकाल बढ़ा सकती है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुये जिला पंचायत सदस्य संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप भट्ट ने कहा कि हम अपनी मांग को पूर्ण करने तथा राज्य सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति के तहत 1 फरवरी 2024 को उत्तराखंड के 95 विकासखंड कार्यालयों/ तहसील स्तर पर त्रिस्तरीय पंचायत के समस्त प्रतिनिधि धरना- प्रदर्शन करते हुए भारत के माननीय प्रधानमंत्री तथा उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री को एक सूत्रीय मांग पत्र को भेजेंगे।
इसके साथ ही 3 फरवरी 2024 को राज्य के 12 जिला मुख्यालयों में रैली निकाल कर जिलाधिकारी के माध्यमों से भारत के प्रधानमंत्री तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा।

कार्यक्रम संयोजक जगत मर्तोलिया का कहना था कि 6 फरवरी 2024 को उत्तराखंड के 12 जनपदों के समस्त त्रिस्तरीय पंचायतों के सदस्य देहरादून आकर विधानसभा कूच करेंगे। जिसमें हजारों की संख्या में विधानसभा कूच कर अपनी मांगों के समर्थन में सरकार को तत्काल फैसला लेने के लिए बाध्य किया जाएगा। इसके साथ ही 7 फरवरी 2024 को देहरादून में उत्तराखंड त्रिस्तरीय पंचायत संगठन की राज्य संचालन समिति की बैठक आयोजित की जाएगी।इस बैठक के बाद आगामी रणनीति की घोषणा की जाएगी।

पत्रकार वार्ता में कुंडल सिंह महर, बचनसिंह पंवार, धन सिंह रावत, मठौर सिंह चौहान, चरण सिंह पंवार, गोवर्धन प्रसाद आदि मौजूद रहे |

पंचायती राज मंत्री को दिया एक सूत्रीय मांग का ज्ञापन :


उत्तराखंड त्रिस्तरीय पंचायत संगठन के राज्य संचालन समिति के सदस्यों ने आज उत्तराखंड के पंचायती राज मंत्री सतपाल महाराज से पंचायती राज निदेशालय देहरादून में मुलाकात की।
समिति की ओर से पंचायती राज मंत्री को एक सूत्रीय मांग का ज्ञापन भी दिया गया।
2 वर्ष का कार्यकाल बढ़ाए जाने तथा एक राज्य में एक चुनाव किए जाने की मांग पर पंचायतीराज मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि वह इसका प्रस्ताव मुख्यमंत्री कार्यालय को भेज देंगे।
उन्होंने संगठन के प्रस्ताव पर अपनी सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि सशक्त पंचायतों के बिना सशक्त राज्य की कल्पना नहीं की जा सकती है। इसलिए वे पंचायत के सशक्तिकरण की हर मांग के साथ हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments