उत्‍तरकाशी में देर रात को महसूस किए गए हल्के भूकंप के झटके, 2.9 मापी गई भूकंप की तीव्रता

0
382

उत्तरकाशी, उत्‍तराखंड के उत्‍तरकाशी जिले में गुरुवार देर रात को हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए। रात करीब 2:12 बजे आए भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी में दर्ज किया गया। भूकंप की तीव्रता 2.9 मापी गई। आपदा प्रबंधन परिचालन केंद्र के अनुसार जनपद की किसी भी तहसीलों से जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।

दिसंबर माह में भी उत्‍तरकाशी में देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। 18 दिसबंर को उत्तरकाशी में रात करीब 1 बजकर 50 मिनट पर भूकंप से धरती हिली थी। धरती का कंपन महसूस करते ही लोग घरों से बाहर आ गए थे। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप की तीव्रता 3.1 मैग्नीट्यूड रही। भूकंप की गहराई जमीन से 5 किमी नीचे थी। गौरतलब है कि प्रदेश का उत्तरकाशी जिला भूकंप के लिहाज से संवेदनशील है। भूगर्भीय दृष्टि से संवेदनशील उत्‍तरकाशी भूकंप के जोन 4 व 5 में स्थित है।

बता दें कि 20 अक्टूबर 1991 को यहां आए भूकंप में आठ सौ से अधिक लोग मारे गए थे। सैकड़ों परिवार बेघर हो गए थे। इसके बाद 1999 के भूकंप ने भी उत्तरकाशी को डराया था |