देहरादून, नव विहान ट्रस्ट द्वारा आयोजित ईरांष सम्मान समारोह एवं कवि गोष्ठी में साहित्य, समाज सेवा एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में साहित्यकारों, समाजसेवियों एवं बुद्धिजीवियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखण्ड सरकार के भाषा मंत्री खजान दास तथा विशिष्ट अतिथि राज्य मंत्री श्रीमती मधु भट्ट तथा राज्य मंत्री ज्योति कोटिया उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने सम्मानित व्यक्तियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि समाज और राष्ट्र के विकास में साहित्यकारों, शिक्षाविदों एवं समाजसेवियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे आयोजनों से प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलता है तथा समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित होता है। अन्य सम्मानित अतिथियों में पूर्व राज्यमंत्री राजकुमार पुरोहित, सुनील पाठक सैनिक कल्याण निदेशालय के निदेशक विरेन्द्र भट्ट एवं टिहरी राजपरिवार के वंशज ठाकुर भवानी सिंह उपस्थित थे। नव-विहान के सदस्य राजकुमार पुरोहित, अंजू वर्मा, रश्मि जौहरी और हितेश सिंह ने कार्यक्रम का कार्यभार संभाला। कार्यक्रम में गुरु संध्या जोशी के छात्राओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।
नव विहान ट्रस्ट की अध्यक्षा डॉ. ज्योति श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य समाज में सेवा, संवेदना और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
समारोह में पर्यावरणविद् जगदीश बाबला, अंजलि वर्मा, प्रियंका जोशी, अंकिता, सूबेदार दयानंद, मोहन खत्री, उर्मि पाल सिंह, जोगिंदर कुमार, पूनम नैथानी, नवीन ठाकुर एवं गुरु संध्या जोशी को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इसके उपरांत आयोजित कवि गोष्ठी में कमला पंत, श्रीकांत शर्मा, महिमा श्री, अम्बर खरबंदा, दिव्यांश दुष्यंत, कविता बिष्ट, शोभा पराशर एवं नीता कुकरेती ने अपनी रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कविताओं में माँ, राष्ट्रप्रेम, सामाजिक सरोकार, नारी शक्ति, मानवीय संवेदनाएँ और समकालीन विषय प्रमुख रहे। श्रीकांत जी द्वारा प्रस्तुत पन्ना धाय कविता ने सभी को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित साहित्य प्रेमियों ने कवियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम में भारती, अंजू ने सुंदर संचालन किया । अंत में ट्रस्ट की ओर से तनुजा ने सभी अतिथियों, सम्मानित व्यक्तियों, कवियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया गया। राष्ट्र गान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।




Recent Comments