रुद्रपुर, अगले साल राज्य में विधान सभा चुनाव होने हैं, राज्य गठन के बाद से अब तक हुए चार विधानसभा चुनावों में एक बार भी कांग्रेस सितारगंज सीट पर सिर्फ एक बार चुनाव जीती। 2002 से लेकर 2012 तक दस साल बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर नारायण पाल विधायक रहे। अब जैसे-जैसे चुनावी दिन नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे अब स्थानीय कद्दावर भी जनता के बीच अपनी पैठ और गहरी करने में लगे हैं। कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के सितारगंज पहुंचने से पहले पार्टी में टिकट के दावेदार माने जाने वाले नेताओं ने भीड़ जुटाकर दमखम दिखाया |
वर्ष 2017 के चुनाव में कांग्रेस की प्रत्याशी रहीं मालती विश्वास के साथ शक्तिफार्म और आसपास के ग्रामीण अंचलों से हजारों की तादाद में महिलाएं परिवर्तन यात्रा में पहुंचीं। वहीं, पूर्व विधायक नारायण पाल, कांग्रेस प्रदेश सचिव नवतेज पाल सिंह, पूर्व पालिकाध्यक्ष हाजी अनवार अहमद व वरिष्ठ कांग्रेसी हसनैन मलिक भी भीड़ के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे। इससे माना जा रहा है कि कांग्रेस में टिकट की दावेदारी के लिए कार्यकर्ता क्षेत्र में अपनी मजबूत पकड़ दिखा रहे हैं।
उत्तराखंड बनने के बाद से अब तक हुए चार विधानसभा चुनावों में एक बार भी कांग्रेस सितारगंज सीट पर सिर्फ एक बार चुनाव जीती। 2002 से लेकर 2012 तक दस साल बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर नारायण पाल विधायक रहे। 2012 में भाजपा ने बंगाली कार्ड खेलते हुए किरन चंद्र मंडल को टिकट दे दिया और किरन यहां से विधायक बने।
हालांकि, कांग्रेस की सरकार आई तो किरन ने मुख्यमंत्री के लिए अपनी सीट छोड़कर इस्तीफा दे दिया और फिर उपचुनाव जीतकर कांग्रेस के सीएम विजय बहुगुणा यहां से विधायक बने।
2017 का चुनाव आने से पहले पूर्व सीएम विजय बहुगुणा भाजपा में शामिल हो गए और उनके बेटे सौरभ बहुगुणा भाजपा के टिकट पर यहां से चुनाव लड़कर जीते। कांग्रेस से चुनाव लड़ीं मालती विश्वास को हार का सामना करना पड़ा।
बीते दिन पूर्व जिपं सदस्य मालती विश्वास को प्रत्याशी बनाने के लिए शक्तिफार्म के वरिष्ठ कार्यकर्ता मधुसूदन सरकार ने पूर्व सीएम को मांग पत्र दिया था। सितारगंज में पूर्व पालिकाध्यक्ष हाजी अनवार अहमद ने अपनी दावेदारी पेश की थी। कांग्रेस के प्रदेश सचिव नवतेज पाल सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष करन जंग भी टिकट की दौड़ में हैं |
इन नेताओं ने परिवर्तन यात्रा की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं के साथ जीजान से मेहनत की और आज अपने-अपने समर्थकों के साथ भारी भीड़ लेकर पहुंचे। पूर्व सीएम हरीश रावत ने भी इन नेताओं का मंच से आभार जताया और गदगद नजर आए। उन्होंने भी यात्रा का इंतजार करते-करते घरों को लौटने वाली जनता से क्षमा याचना की।




