देहरादून। उत्तराखंड में आयुष एवं स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री श्री मदन कौशिक ने ‘आयुष सेतु पोर्टल’ का भव्य उद्घाटन किया। यह गरिमामय कार्यक्रम निदेशालय आयुर्वेद एवं यूनानी सेवाएं, देहरादून के परिसर में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सचिव (आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग) श्रीमती रंजना राजगुरु मौजूद रहीं। कार्यक्रम में निदेशक आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाएं, निदेशक होम्योपैथिक सेवाएं, राज्य औषधि अनुज्ञापन अधिकारी डॉ. मिथिलेश, भारतीय चिकित्सा परिषद (उत्तराखंड) के अध्यक्ष डॉ. जे.एन. नौटियाल सहित शासन-प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आयुष सेतु पोर्टल के शुरू होने से उत्तराखंड का आयुष विभाग पूरी तरह डिजिटल युग में प्रवेश कर चुका है। इसके माध्यम से राज्य की योग नीति 2025, आयुष नीति 2023 और वेलनेस नीतियों के तहत मिलने वाले सभी लाभ एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगे:
-
ऑनलाइन पंजीकरण और प्रमाणीकरण: आयुष व वेलनेस से जुड़े संस्थानों और चिकित्सकों के लिए त्वरित ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और वेरिफिकेशन।
-
अनुदान एवं वित्तीय सहायता वितरण: योग नीति व आयुष नीति के तहत विभिन्न प्रोत्साहन राशि, प्रतिपूर्ति (reimbursement) और सब्सिडी का पारदर्शी वितरण।
-
स्टार रेटिंग प्रणाली: राज्य के वेलनेस सेंटरों की गुणवत्ता सुधारने के लिए पोर्टल पर स्टार रेटिंग की विशेष सुविधा दी गई है।
-
सिंगल विंडो आवेदन: वेलनेस सेंटरों व संबंधित योजनाओं के लिए पूरी तरह पेपरलेस ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया।
विभाग ने सभी इच्छुक नागरिकों, चिकित्सकों और संस्थान संचालकों से इस डिजिटल पहल का लाभ उठाने की अपील की है। इच्छुक व्यक्ति आधिकारिक वेबसाइट www.ayushwellness.uk.gov.in पर लॉगिन करके आयुष सेतु पोर्टल से सीधे जुड़ सकते हैं।


Recent Comments