देहरादून, उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर हडको (HUDCO) देहरादून क्षेत्रीय कार्यालय ने धाद संस्था के सहयोग से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास, जनसहभागिता तथा प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करना था। इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में हडको की ओर से श्री संजय भार्गव, कार्यकारी निदेशक एवं क्षेत्रीय प्रमुख, श्री अभिजीत सरकार, उप महाप्रबंधक, श्री यश, श्री अशोक यादव, प्रशिक्षु अधिकारी, श्री बलराम सिंह चौहान, वरिष्ठ प्रबंधक तथा श्री रविन्द्र सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की।
इस अवसर पर नीम, आम, अमरूद एवं बेलपत्र सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। सभी पौधे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के संदेश के साथ लगाए गए, जो मातृत्व, प्रकृति और जीवन के प्रति सम्मान का प्रतीक है। इन पौधों का संरक्षण एवं नियमित देखभाल धाद संस्था द्वारा की जाएगी, जिससे भविष्य में ये वृक्ष पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
धाद संस्था की ओर से श्री तनमय मामगाई, सुश्री नीना रावत तथा बालवन के संरक्षक श्री महावीर रावत ने कार्यक्रम का सफल समन्वय किया। इस अवसर पर हडको एवं धाद संस्था के प्रतिनिधियों, पर्यावरण प्रेमियों तथा स्थानीय नागरिकों सहित 50 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि हरेला केवल एक लोकपर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के सम्मान में एक वृक्ष लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करता है। हडको अपनी सतत विकास की प्रतिबद्धता के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों में निरंतर सहभागिता करता रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, लगाए गए पौधों का संरक्षण करने तथा हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण-संतुलित उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।


Recent Comments