शिक्षक मण्डल ने किया बेसहारा बच्चों के जीवन में रोशनी का प्रयास

0
588

रामनगर(सलीम मलिक )। आमडंडा खत्ता के तीन बेसहारा बच्चों को दीपावली के पूर्व संध्या पर ढेर सारा सामान देकर रचनात्मक शिक्षक मंडल ने आपार खुशियां दी। इन बेसहारा बच्चों के पिता की सात साल पहले और छह पूर्व मां की मृत्यु हो चुकी है। रचनात्मक शिक्षक मंडल की टीम अपने संयोजक नवेन्दु मठपाल के नेतृत्व में आमडंडा खत्ता के रहने वाले पंकज आर्य, रिया व नैतिक को पिछले छह माह से लगातार शैक्षणिक मदद कर रही है। छह माह पूर्व इन बच्चों की माता की मृत्यु हो गयी थी, जबकि पिता की सात बर्ष पूर्व ही मृत्यु हो गयी थी। तब ये बच्चे अपनी बूढ़ी अम्मा के साथ बेसहारा स्थिति में आ गए थे। रचनात्मक शिक्षक मंडल की टीम ने उसी समय से जनसहयोग से इन बच्चों के भरण पोषण व उनकी शिक्षा को नियमित बनाये रखने की जिम्मेदारी ली। शिक्षक मंडल की टीम के सदस्य संयोजक नवेन्दु मठपाल, पीएनजी महाविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर प्रो. गिरीश चन्द्र पंत, घासमंडी राजकीय प्राथमिक के प्रधानाध्यापक नन्दराम आर्य, सीआरसी सांवल्दे प्रभारी सुभाष गोला, ग्रेफ़िक एरा भीमताल की छात्रा ज्योतिका पंत इन बच्चों के घर पर गए। बच्चों को जाड़ों के गर्म ऊनी कपड़े, कंबल, जूते, दीपावली की मिठाई और लगभग दस हजार रुपये की सामग्री के साथ साथ कहानियों की बालोपयोगी किताबें भेंट की। प्रो. गिरीश पंत ने कहा शिक्षक मंडल इन बच्चों को नियमित रूप से लगातार इनकी आवश्यकतानुसार मदद के लिए कृतसंकल्पित है। शिक्षक मंडल इनकी पढाई व्यवस्थित बनी रहे इसके लिए लगातार प्रयासरत है।