Friday, May 3, 2024
HomeTrending Nowराज्य वन्यजीव सप्ताह 2022 का शुभारंभ : मवेशी एवं फसल क्षति के...

राज्य वन्यजीव सप्ताह 2022 का शुभारंभ : मवेशी एवं फसल क्षति के लिए 16 लोगों को मुख्यमंत्री धामी ने वितरित किये मुआवजा चेक

देहरादून, मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को लच्छीवाला नेचर पार्क में राज्य वन्यजीव सप्ताह 2022 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राजाजी नेशनल पार्क की ऑफिशियल वेबसाइट लॉच की एवं राजाजी नेशनल पार्क के लिए 02 रैपिड रिस्पांस वाहन का लोकार्पण भी किया। वन्यजीवों से हुई मवेशी एवं फसल क्षति के लिए 16 लोगों को मुआवजा चेक भी मुख्यमंत्री ने प्रदान किये।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य वन्यजीव सप्ताह 2022 के शुभारंभ के अवसर पर घोषणा की कि वन्यजीवों द्वारा वयस्क एवं अवयस्क की मृत्यु पर देय अनुग्रह राशि की दर को 4 लाख रूपये से बढ़ाकर 5 लाख रूपये किया जायेगा। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को देय अनुग्रह राशि को 50 हजार रूपये से बढ़ाकर 1 लाख रूपये किया जायेगा। प्रदेश में राजकीय ड्यूटी के दौरान शहीद होने वाले वन कर्मियों के परिजनों को सम्मान स्वरूप 15 लाख रूपये अनुग्रह राशि के रूप में भुगतान किया जायेगा। प्रदेश में जिम कॉर्बेट हैरिटेज ट्रेल की स्थापना की जायेगी। जिसमें कॉर्बेट के जीवन से जुड़े स्थानों को चिन्हित कर वहां पर ईको पर्यटन की विभिन्न गतिविधियों को बढ़ावा दिया जायेगा। इसमें चम्पावत, तल्लादेश, मंच, बूम, कालाढूंगा, चूका, दूर्गा पीपल, देवीधूरा, चौगढ़, कालाढूंगी, नैनीताल, मोहान, काठ की नाव, कांडा, मुक्तेश्वर एवं रूद्रप्रयाग जैसे स्थानो पर विशेष पट्टिका का निर्माण किया जायेगा, इसके साथ ही ट्रैक मार्गों का जीर्णोद्धार किया जायेगा और होम स्टे को बढ़ावा दिया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वन विभाग द्वारा शिक्षा विभाग के सहयोग से प्रदेश के विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के बीच मानव-वन्यजीव संघर्ष के निवारण की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जायेगा। प्रदेश में मानव-वन्यजीव संघर्ष निवारण में सकारात्मक सहयोग एवं त्वरित कार्यवाही के लिए 10 संवेदनशील वन प्रभागों में त्वरित कार्यवाही दल का गठन किया जायेगा, 05 स्थानों पर त्वरित कार्यवाही दल का गठन पहले ही किया जा चुका है। भारत सरकार से कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र में गर्जिया पर्यटन जोन को प्रारम्भ करने के लिए अनुमति प्रदान हो चुकी है, इसे शीघ्र ही प्रारंभ किया जायेगा। शिवालिक एलीफेंट रिजर्व की पुनर्स्थापना की जायेगी।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रत्येक जिले में प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर एक-एक नए पर्यटन स्थल को विकसित किए जाएं। नये पर्यटन स्थलों का निर्माण में विशेष ध्यान रखा जाए कि उनके प्राकृतिक स्वरूप से अधिक छेड़छाड न हो। उन्होंने कहा कि वन्यजीव हमारी आस्था और संस्कृति के अभिन्न अंग हैं। हमारी संस्कृति में देवताओं के साथ वन्यजीवों को भी पूजनीय माना गया है। वन्यजीवों के संवर्धन एवं संरक्षण की जिम्मेदारी सबकी है। मानव एवं वन्य जीव संघर्ष को कम करने की दिशा में तेजी से कार्य करना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की प्रेरणा से राज्य में इकोनॉमी और ईकोलॉजी में सामंजस्य स्थापित करने के लिए अनेक प्रयास किये जा रहे हैं। आज संपूर्ण विश्व का वन्यजीव संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील मुद्दे पर ध्यान गया। उन्होंने कहा क्लाइमेट चेंज जैसे गंभीर मुद्दों पर आज विश्व चिंता कर रहा है एवं इन मुद्दों पर दूरदर्शी सोच के साथ कठोर नीति बनाए जाने की आवश्यकता है। पर्यावरण एवं विकास में संतुलन बनाना बहुत जरूरी है।

वन मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड की परंपराओं में वनों एवं वन्यजीवों का महत्वपूर्ण स्थान है। हमारी आर्थिकी को बढ़ावा देने में भी वनों का महत्वपूर्ण योगदान है। हमारे राज्य के लोग जंगलों वन्य जीव के संरक्षण हेतु बेहद संवेदनशील एवं जागरूक हैं। आर्थिक मजबूती के साथ पर्यावरण की रक्षा हमारी प्राथमिकता है। वनों एवं वन्यजीव को संरक्षित करने का संदेश हमारी संस्कृति में गानों के माध्यम से भी दिया गया है।

इस अवसर पर विधायक श्री बृजभूषण गैरोला, प्रमुख सचिव वन श्री आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक श्री विनोद कुमार सिंघल, पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ डॉ. समीर सिन्हा, निदेशक राजाजी टाइगर रिजर्व डॉ. साकेत बडोला एवं वन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

समान नागरिक संहिता विषेशज्ञ समिति के सदस्यों ने क्षेत्र में भ्रमण का  कार्यक्रम निर्धारित किया गया

राज्य स्तरीय समान नागरिक संहिता विषेशज्ञ समिति के सदस्यों ने नागरिकों का पक्ष सुनने के लिए क्षेत्र में निर्धारित किया भ्रमण कार्यक्रम

 

देहरादून, राज्य स्तरीय समान नागरिक संहिता विषेशज्ञ समिति के सदस्यों द्वारा नागरिकों का पक्ष सुनने के लिए क्षेत्र में भ्रमण का कार्यक्रम निर्धारित किया गया। इसका उद्देश्य राज्य के दूरस्थ व दुर्गम क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को समान नागरिक संहिता की जानकारी देकर उनके सुझाव प्राप्त करना है। विशेषतौर से महिलाओं व युवाओं को इसके बारे में बताते हुए विवाह, संरक्षण, तलाक, गोद लेना, सम्पत्ति का अधिकार, आदि पर सुझाव प्राप्त कर तैयार की जाने वाली रिपोर्ट में समाहित करना है।
माननीय सदस्यों द्वारा भ्रमण का कार्यक्रम राज्य के सीमान्त गॉव, माणा जनपद चमोली से आरम्भ किया गया। दिनांक 01.10.2022 को माणा गॉव में सदस्यों द्वारा बैठक आयोजित की गयी। समान नागरिक संहिता के बारे में जानकारी देने के उपरान्त उपस्थित महिलाओं, पुरूषों व युवाओं द्वारा अपने क्षेत्र से सम्बन्धित रीति-रिवाजों के विषय में जानकारी दी गयी। उनके द्वारा विभिन्न मुद्दों पर सुझाव प्रेषित किये गये। इस कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा पारम्परिक वेशभूषा पहन कर प्रतिभाग किया गया।
जोशीमठ के नगर पालिका भवन में दोपहर 02 बजे से विशेषज्ञ समिति के सदस्यों द्वारा बैठक आयोजित कर उपस्थित जनों के सुझाव मांगे गये। इस बैठक में महाविद्यालय के छात्रों, शिक्षकों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, प्रबुद्ध जनों द्वारा उपस्थित हो कर अपने अमूल्य सुझाव प्रेषित किये गये। क्षेत्रीय भ्रमण में माननीय सदस्य श्री शत्रुघ्न सिंह, श्री मनु गौड़ व डॉ सुरेखा डंगवाल द्वारा प्रतिभाग किया गया। माननीय सदस्यों द्वारा अवगत कराया गया कि दिनांक 15.10.2022 से कुमाऊॅ मण्डल के जनपदों के लिए भी प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम तैयार किया जा चुका है। उनके द्वारा बताया गया कि राज्य के दूरस्थ क्षेत्र हनोल, पुरोला, उत्तरकाशी आदि में क्षेत्र भ्रमण कर लोगों को अपने सुझाव देने के लिए जागरूक किया जायेगा।

 

पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद खंडूरी को जन्मदिन की मुख्यमंत्री धामी ने दी शुभकामनाएंपूर्व मुख्यमंत्री बी सी खंडूडी के जन्मदिन पर मुख्यमंत्री धामी ने उनके आवास  पहुंचे उन्हें बधाई

देहरादून, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज यमुना कॉलोनी स्थित विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी के आवास पर पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद खंडूरी से मिलकर उनको जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री की बेटी एवं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने अपने पिता की दीर्घायु की कामना के लिए हवन यज्ञ कर पूजा अर्चना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी सहित कई बड़े नेताओं एवं संगठन के पदाधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष के आवास पर पहुंचकर मेजर जनरल भुवन चंद खंडूड़ी को बधाई व शुभकामनाएं दी

 

फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर ने मुख्यमंत्री धामी से की भेंटफिल्म अभिनेता नाना पाटेकर ने सीएम धामी से की भेंट, मुख्यमंत्री ने नाना  पाटेकर को पहनाई पहाड़ी टोपी

देहरादून, सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर ने भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नाना पाटेकर को पहाड़ी टोपी पहनाई। अभिनेता नाना पाटेकर ने कहा कि देवभूमि के लोग बहुत अच्छे हैं, यहां के लोगों के व्यवहार में सौम्यता है |
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में फिल्म उद्योग को प्रोत्साहित किया जा रहा है। फिल्म नीति को और अधिक आकर्षक बनाया जा रहा है ताकि राज्य में अधिक से अधिक फिल्म निर्माता आएं। सिंगल विंडो सिस्टम से शूटिंग की अनुमति प्रदान की जा रही है। शूटिंग के लिए कोई भी शुल्क नही लिया जा रहा है।
फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड का नैसर्गिक सौंदर्य फिल्मों की शूटिंग के लिए बहुत अच्छा है। यहां फिल्मांकन के लिए वातावरण भी बहुत अच्छा है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के लोग बहुत अच्छे हैं, यहां के लोगों के व्यवहार में सौम्यता है।

नाना पाटेकर उत्तराखंड में कर रहे मराठी फिल्म की शूटिंग
नाना पाटेकर ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग का उनका अच्छा अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि वे उत्तराखंड में अपना घर बनाना चाहते हैं। नाना पाटेकर उत्तराखंड में एक मराठी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।
अपने चरित्र अभिनय से लाखों दर्शकों पर अमित छाप छोड़ने वाले अभिनेता नाना पाटेकर ने कहा कि हमारे जेहन में जो भी है वही हमारा गहना है। परमार्थ निकेतन गंगा आरती में शामिल होकर मैं अपने अंदर बदलाव महसूस कर रहा हूं | मराठी फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर 29 सितंबर को यहां आए हुए हैं।

 

स्वच्छ भारत मिशन : नरेंद्रनगर नगर पालिका को मिला तीसरा स्थान

टिहरी (नरेंद्रनगर), स्वच्छता के क्षेत्र में नरेंद्रनगर के सतत् प्रयास के परिणाम स्वरूप आज नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर को स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत देश में तीसरा स्थान मिला है |
एक अक्टूबर को पालिका को इस पुरस्कृत से सम्मानित किया गया, पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार सहित अधिशासी अधिकारी से लेकर पालिका कर्मियों की ओर से शहर की स्वच्छता और सुंदरता के लिए किए गए कार्य की पर्यावरण प्रेमियों ने सराहना की है |
पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने बताया कि सभी कर्मचारियों के सहयोग से उत्तराखंड के 4 शहरों में से एक शहर नरेंद्र नगर का भी नाम स्वच्छ भारत मिशन में आया है, जिसमें नगर पालिका नरेंद्र नगर को आज एक अक्टूबर 2022 को सम्मानित किया गया है, देश में नरेंद्रनगर पालिका को तीसरा स्थान मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने खुशी जताई है |

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments