*देवेन्द्र चमोली
रुद्रप्रयाग – जिला मुख्यालय स्थिति अंग्रेजी शराब की दुकान को अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग को लेकर वार्ड नम्बर 2 अपर बाजार की महिलाओं ने जबरदस्त विरोध किया। आक्रोशित महिलाएं देर शांत तक मौके पर डटी रही। इस बीच दुकान कर्मियों व महिलाओं के बीच कहासुनी हुई। लेकिन अंधेरा होने के बाबजूद वहां पुलिस प्रशासन कहीं नजर नहीं आया। महिलाओं के आक्रोश इतना अधिक था कि कुछ लोगों द्वारा मीडिया को भी कवरेज करने से रोकने की कोशिश की गयी।
शुक्रवार सुबह से ही अपर बाजार की महिलाएं पेट्रोल पंप स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान को अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गयी। अंधेरा होने तक महिलाएं दुकान पर डटी रही। नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत व पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष लक्ष्मीकांत सेमवाल ने शायं मौके पर जाकर महिलाओं को समझाने का काफी प्रयास किया। लेकिन आक्रोशित महिलाएं वहीं डटी रही। इस बीच विरोध प्रर्दशन की कवरेज कर रहे मीडिया कर्मियों को भी वहां इकट्ठे कुछ लोगों द्वारा रोकने की कोशिश की गयी। हंगामा बढ़ता देख दुकान के कार्मिक दुकान बंद कर वहां से चले गये।
आंदोलन कारी महिलाओं का कहना है कि पूर्व में भी उनके द्वारा जिलाधिकारी और विधायक को भी ज्ञापन दिया गया है। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि शराब की दुकान से अपर बाजार का माहौल खराब हो गया, महिलाओं का यहां से गुजरना दूभर हो गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शराब की दुकान अन्यत्र शिफ्ट न की गई तो महिलाओं का आंदोलन और उग्र होगा। कार्यवाही न किए जाने तक उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर महिला जनवादी महिला समिति की अध्यक्ष वीरा देवी, राखी देवी, आशा देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थी।



Recent Comments