देहरादून, जनपद के राजपुर क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला पर रॉटवीलर नस्ल के खतरनाक कुत्तों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुत्तों के मालिक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी नफीस पुत्र शकूर अहमद को सोमवार को गिरफ्तार किया। उस पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 291 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना 6 जुलाई की है जब किशनपुर, जाखन निवासी उमंग निर्वाल की बुजुर्ग मां पर अचानक दो रॉटवीलर कुत्तों ने हमला कर दिया। पीड़ित परिवार की ओर से दी गई तहरीर पर थाना राजपुर में मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि ये कुत्ते नफीस निवासी गुरुद्वारा गली, विकासनगर (हाल निवासी राजपुर) के हैं, और उसने नगर निगम से खतरनाक नस्ल के इन कुत्तों को पालने के लिए कोई लाइसेंस नहीं लिया था।
गौरतलब है कि लगातार हो रही हमलों की घटनाओं को देखते हुए भारत सरकार के पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने पिटबुल, रॉटवीलर, डोगो अर्जेंटीनो, केन कोर्सो, कंगल, वुल्फ डॉग सहित 20 से अधिक नस्लों के कुत्तों के आयात, ब्रीडिंग और बिक्री पर रोक लगा दी है। साथ ही, ऐसे किसी कुत्ते को पालने या बेचने का लाइसेंस देने पर भी प्रतिबंध है। कुत्तों द्वारा आम नागरिकों पर हमले की शिकायतें पहले भी मिल चुकी हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए SSP देहरादून की ओर से आम जनता से अपील की गई है कि यदि उनके आसपास इस तरह की खतरनाक नस्ल के कुत्ते बिना अनुमति के रखे गए हैं और उनसे खतरा महसूस होता है, तो तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 या नगर निगम से संपर्क करें। राजपुर थाना पुलिस ने हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।


Recent Comments