देहरादून, राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। 12 एवं 13 जून को होने वाले राष्ट्रपति कार्यक्रमों के सफल, सुरक्षित एवं सुचारु संचालन हेतु संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र अलर्ट मोड पर है।
गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने ‘राष्ट्रपति निकेतन’ एवं ‘राष्ट्रपति आशियाना’ परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार महामहिम राष्ट्रपति 12 जून को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचेंगी, जहां वे ‘राष्ट्रपति आशियाना’ परिसर में 132 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किए जा रहे अत्याधुनिक ‘राष्ट्रपति उद्यान’ के निर्माण एवं विकास कार्यों का अवलोकन करेंगी। इसके पश्चात 13 जून को वे भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए), देहरादून में 158वें रेगुलर कोर्स एवं 141वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स की दीक्षांत परेड (पासिंग आउट परेड) में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत, अग्निशमन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग अपनी तैयारियों को पूर्णतः त्रुटिरहित रखें। डीएम ने विद्युत, पेयजल, अग्निशमन, वन एवं अन्य संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाओं से जुड़े फिटनेस एवं क्लियरेंस सर्टिफिकेट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने ‘राष्ट्रपति उद्यान’ में विकसित किए जा रहे सभी कार्यों को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार सहित सीपीडब्ल्यूडी, विद्युत, पेयजल, वन, परिवहन एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



Recent Comments