नई टिहरी। बारिश से बालगंगा तहसील क्षेत्र का बूढ़ाकेदार-पिनस्वाड़ मोटर मार्ग कई स्थानों पर मलबा और भूस्खलन आने से बंद है जिससे बीते दिन बुधवार को पिनस्वाड़ गांव की एक गर्भवती महिला को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। इस दौरान घर पर ही प्रसव होने से नवजात की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क बंद होने से स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में आ रही दिक्कतों पर चिंता जताई है।ग्राम प्रधान वीना देवी ने बताया कि ग्राम पंचायत पिनस्वाड़ निवासी आरती देवी पत्नी ब्रेस सिंह को प्रसव पीड़ा होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर ले जाने की तैयारी की गई थी लेकिन बूढ़ाकेदार-पिनस्वाड़ मोटर मार्ग बंद होने के कारण वाहन गांव तक नहीं पहुंच सका। समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण घर पर ही प्रसव हुआ जिसमें नवजात की मौत हो गई।उन्होंने बताया कि आरती देवी की हालत सामान्य है। प्रधान वीना देवी ने कहा कि लगातार बारिश के कारण सड़क बाधित है। इससे बीमार, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं समेत अन्य जरूरतमंद लोगों को अस्पताल पहुंचने में परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से मोटर मार्ग को तत्काल सुचारु कराने की मांग की है।इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर की प्रभारी डॉ. ऊषा भट्ट ने बताया कि 23 जुलाई को स्वास्थ्य विभाग की टीम पिनस्वाड़ गांव पहुंची थी। टीम ने आरती देवी को बेलेश्वर अस्पताल जाने की सलाह दी थी लेकिन वह अस्पताल जाने के लिए तैयार नहीं हुई। परिवार के लोग गांव से ऊपर स्थित छानियों में चले गए। बताया कि महिला की प्रसव की संभावित तिथि आठ अगस्त थी।


Recent Comments