उत्तरकाशी ( मोहन सिंह राणा) अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव की ANM पूजा परमार राणा को ‘राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार’ से सम्मानित किया राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मानित हुईं पूजा परमार अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने साल 2026 के लिए राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार प्रदान किए. जिसमें उत्तरकाशी जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव की ऑक्जीलियरी नर्स मिडवाइफ (ANM) के पद पर कार्यरत पूजा परमार राणा को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया.
क्यों मिला सम्मान? दरअसल, पूजा परमार राणा को यह सम्मान बीते 15 सालों से हिमालयी अंचल के संवेदनशील एवं दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने पर मिला. उन्होंने कोरोनाकाल के दौरान यमुना नदी के तटवर्ती क्षेत्र में पहली वैक्सीनेटर के रूप में उल्लेखनीय कार्य किया. इसके अलावा शत प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य हासिल करने में अहम भूमिका निभाई.
उनके प्रयासों से दूरस्थ इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित हुई. उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन का सक्रिय नेतृत्व भी किया. सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने से लेकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और समुदाय के समग्र कल्याण के प्रति सराहनीय काम किए.
पूजा को राज्य स्तर पर भी मिल चुका है सर्वश्रेष्ठ ANM का पुरस्कार: पूजा परमार राणा को उत्कृष्ट सेवाओं को देखते हुए पहले भी राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ एएनएम यानी ऑक्जीलियरी नर्स मिडवाइफ पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है. अब उन्हें राष्ट्रपति के हाथों ‘राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया है. जो न केवल उनके समर्पण एवं कार्यकुशलता को दर्शाता है. बल्कि, यह उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी गौरव का विषय है.



Recent Comments