पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय वीरपुर, देहरादून में KVS की 55वीं राष्ट्रीय फुटबॉल (अंडर-14 बालिका) प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभl

0
2

देहरादून, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय वीरपुर, देहरादून में केंद्रीय विद्यालय संगठन की 55 वीं राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता—फुटबॉल अंडर-14 बालिका वर्ग का रंगारंग एवं भव्य शुभारंभ आज हुआ। देश के विभिन्न संभागों से प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचीं । खिलाड़ियों में खेल के प्रति उत्साह और जोश देखते ही बनता था।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंधन समिति के नामित अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल अश्विन पुंडीर रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में केंद्रीय विद्यालय संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून की उपायुक्त श्रीमती प्रीति सक्सेना, सहायक आयुक्त श्री सुरजीत सिंह तथा केवीएस मुख्यालय, नई दिल्ली से नियुक्त पर्यवेक्षक श्री दीवा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ एनसीसी एवं स्काउट कलर पार्टी द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के गर्मजोशी से स्वागत के साथ हुआ। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती बसंती खंपा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। विद्यार्थियों द्वारा अतिथियों को बैज पहनाकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि ने केंद्रीय विद्यालय संगठन का ध्वज फहराया । इसके पश्चात बैंड पार्टी, एनसीसी कैडेट्स तथा विभिन्न संभागों की टीमों द्वारा शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया।

इस राष्ट्रीय स्तर प्रतियोगिता में आगरा, बेंगलुरु, देहरादून, दिल्ली, एर्नाकुलम, जयपुर एवं मुंबई संभाग की अंडर-14 बालिका फुटबॉल टीमें प्रतिभाग कर रही है!

मार्च पास्ट का नेतृत्व केंद्रीय विद्यालय संगठन की ध्वजवाहिका रेणुका पंवार , केंद्रीय विद्यालय बीरपुर का ध्वजवाहक नीतीश कुमार, बैंड कमांडर आराध्य जीना, एनसीसी ध्वजवाहक कैडेट यश प्रताप सिंह एवं कमांडर नैना तमांग ने किया। विभिन्न संभागों की टीमों का नेतृत्व उनकी कप्तानों—प्रजा कश्यप (आगरा), भाविका (बेंगलुरु), अंशिका नेगी (देहरादून), अपर्णा भारद्वाज (दिल्ली), अन्विता पी. (एर्नाकुलम), गौरिका यादव (जयपुर) एवं श्रुति मिश्रा (मुंबई)—ने किया।

मार्च पास्ट के पश्चात अतिथियों द्वारा खेल मशाल प्रज्वलित की गई। देहरादून संभाग की कप्तान अंशिका नेगी ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन एवं निष्पक्ष खेल की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं द्वारा मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक नेपाली नृत्य ने समारोह में सांस्कृतिक रंग भर दिया और उपस्थित अतिथियों एवं खिलाड़ियों का मन मोह लिया।

देहरादून संभाग के सहायक आयुक्त श्री सुरजीत सिंह ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों का औपचारिक स्वागत किया।

देहरादून संभाग की उपायुक्त श्रीमती प्रीति सक्सेना ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना तथा निरंतर प्रयास के महत्व पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल अश्विन पुंडीर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए स्वस्थ जीवन में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रेरणादायी संदेश दिया। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरे उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया तथा प्रतियोगिता के आधिकारिक शुभारंभ की घोषणा की।

विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती बसंती खंपा ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उद्घाटन कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच देहरादून संभाग एवं बेंगलुरु संभाग की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में देहरादून संभाग की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बेंगलुरु संभाग को 2–0 से पराजित कर उद्घाटन मुकाबला अपने नाम किया, देहरादून की ओर से ने मिष्टी रानी अंकिता रावत ने एक एक गोल किया

प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून संभाग द्वारा नियुक्त खेल तकनीकी अधिकारियों में डीएम लखेड़ा , पारितोष वैद्य, वैभव नौटियाल, विकास कोटनाला, नबील अहमद एवं नरेंद्र रोतेला ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर विद्यालय की उपप्राचार्य अल्का तड़ियाल , मुख्याध्यापिका आरती उनियाल , गौरव कांत, अन्नू थपलियाल, ऋचा महेन्द्रू, देवेंद्र सिंह, प्रीति यादव, दमयंती खनका, कपिल कुमार , विनोद कुमार , दीपमाला, चरण सिंह , रिंकी, रचना पंत, हिमांशु नौटियाल आदि उपस्थित रहे!

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के आयोजन से विद्यालय परिसर में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना एवं राष्ट्रीय एकता का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। विभिन्न राज्यों एवं संभागों से आई बालिका खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल के प्रदर्शन से प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह यादगार बना दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here