Wednesday, June 25, 2025
Home Blog Page 1271

गज़ब की प्रतिभा है हमारे नौनिहालों में: अमेन्द्र बिष्ट

0

नैनबाग/टिहरी, पहाड़ जैसा हौसला हमारे बच्चों में भी है। उनके अंदर खेलों के प्रति जुनून देखने लायक है। हमारे नौनिहालों में गज़ब की प्रतिभा है, उन्हें सही मार्गदर्शन की जरूरत है।

यह बात टिहरी जिला पंचायत सदस्य एवं आम आदमी पार्टी नेता अमेन्द्र बिष्ट ने युवा कल्याण विभाग टिहरी गढ़वाल द्वारा आयोजित संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगता के शुभारम्भ अवसर पर कही। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कालेज घोड़ाखुरी में आयोजित खेल महाकुंभ में अमेन्द्र बिष्ट ने कहा कि हमारे नौनिहालों में गज़ब की प्रतिभा है। पहाड़ के बच्चों में पहाड़ जैसा हौंसला है जिसे बरकरार रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाज में नशे का प्रचलन तेज़ी से फैल रहा है। जिससे बच्चों को बचने की आवश्यकता है। उन्होंने बच्चों से नशामुक्त समाज बनाने का आह्वान कर शपथ दिलाई।

इस अवसर पर अमेन्द्र बिष्ट ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए गये। बॉलीबाल प्रतियोगिता में ग्राम पंचायत पंतवाड़ी, कबड्डी बालक और बालिका वर्ग में नेगियाणा की टीमें विजयी रहीं। दौड़ की अलग-अलग प्रतिस्पर्धाओं में सोहन, सूरज, इतिका, हिमानी विजेता रहे। गोला फेंक में सूरज और सोनिका विजेता रहे। चक्का फेंक में सोहन और सोनिका, लम्बीकूद में भी सोहन और सोनिका विजेता रहे। भाला फेंक में सूरज व सोनिका ने सबसे लम्बा भाला फेंका।

इस अवसर पर शिक्षक अभिभावक संघ के अध्यक्ष त्रेपन सिंह रावत, आदेश असवाल, अजीत पंवार, अनिल सिंह कंडारी, रघुवीर कंडारी, महिपाल सिंह चौधरी, अरविन्द हनुमंती. जग़पाल सिंह कटारिया, रश्मि परमार, निमा पंवार, जयप्रकाश, भीम सिंह पंवार, प्रशान्त बिष्ट, लोकेंद्र सिंह रावत, शान्ति सिंह हनुमंती, शशि डोभाल, पूनम लख़ेडा, भानु प्रकाश, अनिल नौटियाल, विरेंद्र नौटियाल, महावीर पंवार, सचिन चौहान अत्रि डोबरियाल समेत सैकड़ों खिलाड़ी शामिल रहे।

प्रेमनगर में गोलीकांड, युवक की उपचार के दौरान मौत, राजपुर में भी चली गोली

0

देहरादून, प्रदेश की राजधानी दून के प्रेमनगर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात आपसी रंजिश में चली गोली में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई है। घायल को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं, आरोपित अभी फरार चल रहा है। एसपी सिटी सरिता डोभाल ने इसकी पुष्टि की है। वहीं, दूसरी ओर राजपुर क्षेत्र में व्यापारी पुनीत को गोली मारने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित आरआइबी का जवान है। वहीं प्रेमनगर थाना क्षेत्र में कुछ युवकों ने फायरिंग की। इस दौरान राहुल (23 वर्ष) को गोली लग गई। उसे दून हास्पिटल में भर्ती किया गया था, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया गया कि राहुल हत्या की कोशिश में जेल जा चुका है। उधर, दूसरे मामले में डीआइटी यूनिवर्सिटी के निकट स्थित पुनीत की दुकान के पास एक युवक पेशाब करने लगा। इसका विरोध करने पर उसने पिस्तौल निकाल दुकानदार पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल शख्स को मैक्स हास्पिटल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद आरोपित की तलाश के लिए क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी गई। पुलिस जांच के दौरान आरोपित शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच के दारौन पता चला कि आरोपित आइआरबी का जवान है। पुलिस के अनुसार जवान हरिद्वार में तैनात है। गोलीकांड की पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई है। फुटेज में दिख रहा है कि आरोपित कार से दुकान के बाहर आया और विवाद होने पर व्यापारी को गोली मारकर फरार हो गया।

चंपावत पहुंचे सीएम धामी, पीड़ितों से मिले, हर संभव मदद का दिया आश्वासन

0

‘जल्द से जल्द आपदा प्रभावित इलाकों में राशन समेत मूलभूत आवश्यकताओं की व्यवस्था के दिये निर्देश’

चंपावत, प्रदेश के मुखिया पुष्कर सिंह धामी ने आज आपदा प्रभावित चंपावत का भ्रमण किया। उन्होंने चंपावत के तेलवाड़ा जाकर भारी बारिश के कारण जान गंवाने वाले परिवारों के परिजनों से मिलकर उनके प्रति संवेदना व्यक्ति की। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी पीड़ा को समझती है और इस मुश्किल घड़ी में पीड़ितों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से पीड़ितों को हर संभव मदद दी जाएगी। साथ ही जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि जिले में आपदा प्रभावितों को जल्द से जल्द मुवावजे देने की कार्रवाई पूरी की जाए।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में लापरवाही ना बरती जाए और कार्यों में तेजी लाए जाए। साथ ही आपदा राहत कोष से लोगों को राहत दी जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि जल्द से जल्द आपदा प्रभावित इलाकों में राशन समेत मूलभूत आवश्यकताओं की व्यवस्था की जाए। कहा कि आपदा से निपटने के लिए उपकरणों की आवश्यकता है तो क्रय कर लिए जाएं। निर्देश दिए की जिन परिवारों को विस्थापित किया जाना है उनके लिए स्थान का जल्द से जल्द चयन करें।

सीएम ने कहा कि आपदा के दौरान कई तरह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इसलिए इसमें जरा भी लापरवाही ना बरती जाएं। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों का भू सर्वेक्षण करवाएं। जिसमे एडीएम को नोडल अधिकारी बनाया जाए। जिलाधिकारी विनीत तोमर ने बताया कि जिले में आपदा राहत कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
प्रदेश में भारी बारिश के बाद आई आपदा में मौतों का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। शुक्रवार को गढ़वाल में लापता दो ट्रैकरों के शव मिल गए थे। गुरुवार को पांच शव मिले थे। सभी सातों शव शुक्रवार को निकाले गए। वहीं, बागेश्वर के पिंडारी ग्लेशियर में भी पांच लोगों के हताहत होने की सूचना है। इसके साथ ही प्रदेश में अब तक 77 लोगों की मौत हो चुकी है।

कांग्रेस नेता मकानलाल बेसरीयाल को अंतिम विदाई, भाई ने दी मुखाग्नि

0

टिहरी, घनसाली क्षेत्र के पट्टी आरगढ़ के ग्राम भनेल्डी के 39 वर्षीय कांग्रेस के युवा नेता मकान लाल बेसरीयाल 2022 के मिशन में जोश व उत्साह के साथ जनता के बीच में समाज के विकास के लिए लगे हुए थे जिनका कल सात बजे आकस्मिक निधन होने से क्षेत्र में शोक लहर छा गयी।
सामाजिक कार्यो के साथ अपने राजनीतिक मुकाम की तलाश मे लगे मकान लाल के सपनों को काल के क्रूर हाथों ने छिन लिया। कांग्रेस पार्टी के अनुसूचित जाति एवम जन जाति के प्रदेश उपाध्यक्ष खुश मिजाज युवा नेता मकान लाल ने घनसाली में समाज कल्याण विकलांग शिविर में प्रांतीय व केंद्रीय नेताओं को लाकर कांग्रेस के अंदर अपने कद का अहसास करा कर अपनी दावेदारी को भी आगे बढ़ाया था । समाज के साथ साथ कांग्रेस पार्टी के लिए भी मकान लाल का आकस्मिक निधन अपूर्णीय क्षति है । मकान लाल पूर्व में उतराखंड क्रांति दल से घनसाली विधान सभा का चुनाव लड़ चुके थे । अब कांग्रेस में मजबूत दावेदार थे। मकान लाल अपने पीछे तीन पुत्री, एक पुत्र, बृद्ध माता पिता सहित एक छोटे भाई को छोड़ गए। क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों ने मकान लाल के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए भावभीनी अश्रुपूर्ण श्रद्धांजली अर्पित की है |

मकान लाल बेसरीयाल राष्ट्रीय अनुसूचित जाति विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष भी थे आज उनकी अंतिम यात्रा में कांग्रेस के ही नहीं बल्कि सभी पार्टियों के जनप्रतिनिधि, युवा नेतागण ,सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए और उनके भाई ने उनको मुखाग्नि दी | ग्रामीणों ने कहा कि उनके जाने से सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र की एक महान क्षति हुई है |
मकान लाल ने चंद महीनों में ही समाज के विभिन्न हिस्सों में कार्य करके भिलंगना क्षेत्र के घनसाली विधानसभा में अपनी ख्याति हर एक व्यक्ति के दिलों में अर्जित कर दी थी पिछले दो वर्षों में मकान लाल बेश्रियाल के द्वारा दो विकलांग शिविरों का आयोजन किया गया जिसमें 5000 से अधिक विकलांग जनों को दिव्यांग जनों को निशुल्क विकलांग सामग्री उपलब्ध कराए गए साथ ही कोविड-19 वर्ष2,000 और2021 के दौरान 182 गांव में जाकर लगातार लोगों को दवाइयां दी गई तथा क्षेत्र में स्वास्थ्य कैंप का आयोजन करवा के लोगों की मदद की है वह लोगों के लिए एक यादगार लमहे के रूप में याद किये जायेंगे.

आज उनके दाह संस्कार के दौरान जिला भेषज संघ के अध्यक्ष हर्ष पाल मिश्रा, पूर्व प्रमुख धनीलाल शाह, पूर्व प्रमुख विजय गुनसोला , पूर्व जिला पंचायत सदस्य आनंद व्यास, दिनेश लाल तथा प्यार सिंह बिष्ट, हरिश जोशी और कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष डॉ प्रकाश चंद्र , बीजेपी के मंडल अध्यक्ष रामकुमार , देवीलाल शाह, व क्षेत्र के तमाम बुद्धिजीवी, उनके प्रेमी, अनुयाई और युवा शक्ति मौजूद रहे ।

टिहरी के घनसाली विधान सभा से कांग्रेस नेता बेसरियाल के निधन पर किया शोक प्रकट

देहरादून, उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव गीताराम जायसवाल ने कांग्रेस के युवा नेता अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष और घनसाली विधानसभा क्षेत्र के प्रबल दावेदार स्व. मकान लाल बेसरियाल के निधन पर शोक प्रकट किया | श्री जायसवाल ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कहा कि क्षेत्र का भ्रमण कर मकान लाल बेसरियाल घर में लौटे तो उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा जिससे उनकी मौत हो गई, वे अपने पीछे बीबी उनके तीन बेटियां एक बेटा और माता पिता को रोता बिलकता छोड़कर चले गए | टिहरी के इस लोकप्रिय नेता के निधन से आज घनसाली ही नहीं बल्कि उत्तराखंड प्रदेश में शोक भी व्यक्त किया जा रहा है | प्रदेश कांग्रेस कमेटी हमेशा उनके परिवार के साथ खड़ी रहेगी और भगवान से प्रार्थना करती है कि भगवान उनकी पुण्य आत्मा को शान्ति प्रदान करे | शोक प्रकट करने वाले राष्ट्रीय अनुसूचित जाति जनजाति विकास परिषद के प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार, निम्मी सिंह, जसवंत सिंह, कविन्दर सिंह, जितेंद्र कुमार बड़थ्वाल, लेखराज, बिजेन्द्र सिंह, पूजा चौहान, कृष्णा चौहान तथा संगीता सैनी आदि रहे |

पंजाब कांग्रेस के झगड़े में अरूसा आलम की एंट्री, ISI लिंक की जांच के मुद्दे पर कैप्टन ने दिया जवाब

0

चंडीगढ़, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने राज्य के उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा की ओर से उन पर लगाये गये आरोपों के जवाब में कहा है कि रंधावा अब व्यक्तिगत हमलों पर उतर आये हैं।

कैप्टन सिंह के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल के जरिये आज एक ट्वीट श्रंखला में कैप्टन ने कहा कि उनकी पिछली सरकार में रंधावा विधायक थे और पिछले चार सालों तक उनकी सरकार में मंत्री रहे लेकिन कभी उनकी पाक महिला मित्र अरूसा आलम तथा पाक खुफिया एजेंसी ISI के संबंधों काे लेकर कोई ख्याल नहीं आया। अब आपको पुलिस से इसकी जांच के आदेश देने पड़े हैं। अब आप व्यक्तिगत हमलों पर उतर आये हैं।

उन्होंने कहा कि नई सरकार के गठन को एक माह हो चला। लोगों को क्या बताओगे कि एक माह में आप ने क्या किया और बेअदबी मामले,बरगाडी तथा नशों के मामलों जैसे लंबे -लंबे वादों का क्या बना। पंजाब तथा लोग इंतजार कर रहे हैं कि अपने वादों को अमल में लाने को लेकर आप ने क्या किया। गौरतलब है कि रंधावा ने कल पंजाब के पुलिस महानिदेशक को कैप्टन सिंह की पाक महिला मित्र और एएसआई के कनेक्शन की जांच के आदेश दिए।

जिला पंचायत टिहरी के पूर्व अध्यक्ष रतन सिंह गुनसोला का निधन

0

देहरादून, टिहरी जिला पंचायत दो बार के अध्यक्ष रहे रतन सिंह गुनसोला का बीती रात्रि देहरादून के एक अस्पताल में निधन हो गया है। वह कुछ दिनों से बीमारी से जूझ रहे थे। उनकी उम्र 85 वर्ष थी।
गुनसोला ने गुनसोला हाइड्रो पावर जनरेशन स्थापित कर प्रदेश में एक नया मुकाम हासिल किया था। बूढ़ा केदार और भिलंगना क्षेत्र में उन्होंने पावर प्रोजेक्ट लगवाए थे। उनकी इस पहल से उन्हें क्षेत्र में पूजा पुरुष के रूप में देखा जाता था। उनके निधन से जनपद में शोक की लहर छा गई है।
गुनसोला 1997-2003 व 2009-2014 तक टिहरी जिला पंचायत के अध्यक्ष रहे। 2002 और 2012 में उन्होंने विधानसभा चुनाव भी लड़ा किंतु उन्हें सफलता नहीं मिल पाई।
उनके निधन पर मुख्यमंत्री समेत तमाम गणमान्य व्यक्तियों ने शोक जताया है और प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति बताई।

खास खबर : किडनी प्रत्यारोपण और इलाज अब होगा मुफ्त, आयुष्मान योजना के तहत एक नवंबर से मिलने लगेगी यह सुविधा

0

देहरादून, अटल आयुष्मान योजना में अब गोल्डन कार्ड धारकों का किडनी प्रत्यारोपण (ट्रांसप्लांट) और इलाज निशुल्क किया जाएगा। उत्तराखण्ड़ में भी अब एक नवंबर से गोल्डन कार्ड पर सूचीबद्ध अस्पतालों में इलाज की सुविधा मिलेगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण ने इसकी मंजूरी देने के साथ इलाज की दरें भी तय कर दी है। इससे किडनी रोगियों को देश भर में 22 हजार से अधिक सूचीबद्ध अस्पताल में मुफ्त इलाज की सुविधा मिल सकेगी |

प्रदेश सरकार ने राज्य अटल आयुष्मान योजना में सभी 23 लाख से अधिक परिवारों को शामिल किया है। जिसमें प्रत्येक परिवार को पांच लाख तक मुफ्त इलाज की सुविधा है। प्रदेश के सभी लोगों को इस सुविधा को देने में उत्तराखंड देश का पहला राज्य है। राज्य अटल आयुष्मान योजना के तहत सभी गोल्डन कार्ड धारकों को राष्ट्रीय पोर्टेबिलिटी से जोड़ा गया है। योजना में 1600 से अधिक बीमारियों के इलाज की पैकेज की दरें तय हैं लेकिन अभी तक किडनी प्रत्यारोपण का इलाज इसमें शामिल नहीं था। अब सरकार ने गोल्डन कार्ड पर किडनी प्रत्यारोपण के इलाज की सुविधा देकर मरीजों को बड़ी राहत दी है। एक नवंबर से योजना में सूचीबद्ध अस्पतालों में किडनी रोगियों को गोल्डन कार्ड पर मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। प्रदेश में अटल आयुष्मान योजना के तहत 44 लाख लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बन चुके हैं। जिसमें 3.5 लाख लाभार्थियों ने विभिन्न बीमारियों का इलाज किया है। जिस पर सरकार ने 496 करोड़ की राशि व्यय की है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण ने आयुष्मान योजना में किडनी प्रत्यारोपण इलाज की दरें तय कर दी है। जिसमें किडनी की सर्जरी 2.15 लाख, इंडेक्शन चार्ज 40 हजार, इंटरवेशन एक्यूपमेंट रिजेक्शन 1.40 लाख, पोस्ट ट्रांसप्लांट इलाज का 1 से 3 माह तक 50 हजार, 3 से 6 माह तक 50 हजार, 6 से 12 माह तक 40 हजार धनराशि तय की गई है।

पुलिस कर्मियों का ग्रेड-पे 4600 करना, उक्रांद की जीत

0

पुलिस कर्मियों के ग्रेड-पे 4600 किये जाने पर उक्रांद ने जताई खुशी, कहा उक्रांद के दबाव में सरकार को पलटना पड़ा अपना फैसला

रुद्रप्रयाग, उत्तराखंड क्रान्ति दल ने पुलिस कर्मियों के ग्रेड- पे 4600 किये जाने पर खुशी ब्यक्त करते हुये इसे उक्रांद कीे अगुवाई में चल रहे आंदोलन की जीत बताया।
उक्रांद के केन्द्रीय प्रवक्ता देवेन्द्र चमोली ने कहा कि लम्बे समय से उक्रांद पुलिस कर्मियों के परिवार जनों के साथ कर्मियों के ग्रेड- पे समय सीमा में परिवर्तन किये जाने के अन्याय पूर्ण फैसले को लेकर आंदोलन रत था आखिरकार सरकार को पुलिस कर्मियों की न्यायोचित मॉग पर झुकना पड़ा व उक्रांद के दबाव में पुलिस कर्मियों की न्योचित मॉग को मानना पड़ा।
उक्रांद प्रवक्ता देवेन्द्र चमोली ने कहा कि यूकेडी पुलिस जवानों के ग्रेड पे की मांग को लेकर लम्बे समय से धरना प्रदर्शन कर रही थी और लगातार पुलिस जवानों की मांग को उठा रही थी । यूकेडी ने पुलिस ग्रेड पे की मांग को लेकर पुलिस जवानो के परिवारों के साथ धरना प्रदर्शन किया।  साथ ही पूर्व मे तीन दिन का उपवास भी किया।

यही नहीं पुलिस ग्रेड पे को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान अप्रैल महीने में यूकेडी के कई नेताओं की गिरफ्तारी हुई । साथ ही सितंबर महीने में पुलिस जवानों के परिवारों के साथ धरना प्रदर्शन करते हुए यूकेडी नेताओं को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने कहा कि राज्य बनने के बाद उत्तराखंड पुलिस में सिपाहियों की पहली भर्ती 2001 में हुई थी।उस वक्त पदोन्नति के लिए तय समय सीमा आठ, 12 व 22 साल थी। जिसके साथ ही उनके ग्रेड- पे बड़ने का प्रवधान था 12 साल सेवा के बाद सिपाहियों का ग्रेड पे 4600 होना था लेकिन सरकार ने पुलिस कर्मियों के साथ अन्याय करते हुये इस समय सीमा में बदलाव कर दिया जिससे तय समय सीमा पर पुलिस कर्मी 4600 ग्रेड पे से वंचित रह गये थे। इसको लेकर उक्रांद व पुलिस कर्मियों के परिवार आंदोलन रत थे अब सरकार ने अपना अन्याय पूर्ण फैसला पलटा है।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को आपदा राहत कार्यों मे तेजी लाये जाने के दिये हैं निर्देश

0

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार देर सांय तक मुख्यमंत्री आवास में सभी जिलाधिकारियों एवं आयुक्तों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आपदा राहत कार्यों, कोविड-19 वेक्सिनेशन, डेंगू एवं मलेरिया से बचाव आदि के सम्बन्ध में की जा रही व्यवस्थाओं की गहनता से समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि आपदा राहत कार्यों में तेजी लायी जाय, बन्द सड़को को खोलने के लिये आवश्यक उपकरणों एवं मानव संसाधन की व्यवस्था कर युद्धस्तर पर दिन रात कार्य किया जाय। उन्होंने निर्देश दिये कि गोला नदी के पुल की मरम्मत का कार्य 10 दिन में पूरा कर दिया जाय, इसके लिये जो भी आवश्यक व्यवस्थाये की जानी हो वह की जाय। उन्होंने कहा कि कार्यों में तेजी लाये जाने के लिये जन सुविधाओं के साथ व्यवहारिकता पर ध्यान दिया जाय। उन्होंने सड़कों की मरम्मत के साथ बिजली पानी एवं खाद्यान्न आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही ओवर रेटिंग पर प्रभावी नियन्त्रण पर ध्यान देने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिये है कि अधिकारी अपने फोन किसी भी दशा में बन्द नहीं रखेंगे। उन्होंने कहा कि आपदा राहत एवं निर्माण कार्यों में लापरवाही पर सम्बन्धित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जायेगी। उन्होंने कहा कि शिकायतों एवं अफवाहों का उत्तर बेहतर कार्य प्रणाली में दिया जाय। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को यह भी निर्देश दिये कि क्षतिग्रस्त भवनों, पुस्तों एवं खेतो को हुए नुकसान का अलग से आकलन कर शीघ्र विवरण शासन को उपलब्ध कराया जाय ताकि आपदा मानकों में इसके लिये अतिरिक्त धनराशि की व्यवस्था के प्रयास किये जा सके।

कोविड-19 वेक्सीनेशन की दूसरी डोज के लिये चलाया जाय व्यापक अभियान।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि कोविड-19 वेक्सिनेशन की शत प्रतिशत दूसरी डोज सभी को शीघ्रता से लग जाय, इसके लिये व्यापक अभियान संचालित किया जाय। उन्होंने कहा कि कोविड अभी गया नही है अभी इससे सभी को सतर्क रहने की जरूरत है।

डेंगू एवं मलेरिया से बचाव के लिये किये जाय प्रभावी प्रयास।
मुख्यमंत्री ने डेंगू व मलेरिया की रोकथाम के लिये भी साफ सफाई पेयजल की स्वच्छता, दवा छिडकाव फागिंग की प्रभावी व्यवस्था बनाये जाने के निर्देश देते हुए कहा कि इसमें सभी नगर निकायों एवं नगर पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों का सहयोग लिया जाय। इस दिशा में सभी प्रचार माध्यमों का उपयोग करने के साथ ही ग्राम प्रधानों के मोबाइल पर मेसेज की व्यवस्था बनायी जाय।
सभी शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई आदि की व्यवस्था के लिये टीमों का गठन कर नोडल अधिकारी नामित किये जाय इसके लिये राज्य स्तर पर भी नोडल अधिकारी नामित कर व्यवस्थाओं का प्रभावी अनुश्रवण किया जाय।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज, डॉ0 धन सिंह रावत, अपर मुख्य सचिव श्री आनन्द वर्द्धन, सचिव श्री अमित नेगी, डॉ. पंकज कुमार पाण्डे, श्री विनोद कुमार सुमन, महानिदेशक स्वास्थ्य श्रीमती तृप्ति बहुगुणा सहित अन्य अधिकारी एवं आयुक्त कुमांउ व सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।

महिला से हड़पे एक करोड़ 40 लाख रुपये, पुलिस ने दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया

0

देहरादून, उत्तराखंड़ की राजधानी देहरादून जमीन और मकान दिलाने के नाम पर ठगी के कई मामले खबरों आये दिन सुनने में मिल जाते हैं लेकिन इन सब के बावजुद लोग फिर भी ठगों के कब्जे में आ जाते हैं, ऐसा ही एक मामला फिर से सामने आया जिसमें एक करोड़ 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गयी। जिसे लेकर राजपुर थाना पुलिस ने दो व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शख्स ने निजी जरूरत का हवाला देकर अपने ही दोस्त को ठग लिया।

पुलिस के अनुसार, कौलागढ़ निवासी शिकायतकर्ता भारती बिष्ट ने बताया कि उनके पति संजय सिंह बिष्ट की आरोपित राजेंद्र सिंह सोलंकी निवासी ग्राम रामनगर टांडा से दोस्ती थी। इस कारण राजेंद्र का उनके घर आना-जाना लगा रहता था। भारती बिष्ट ने बताया कि राजेंद्र ने निजी जरूरत का हवाला देते हुए वर्ष 2017 में विभिन्न तिथियों को उनके पति से एक करोड़ रुपये उधार लिए थे। धनराशि दो साल के भीतर वापस करने का वादा किया गया था।

इस संबंध में 24 अप्रैल 2017 को अनुबंध पत्र भी बनाया गया। महिला ने बताया कि 2019 में उनके पति संजय सिंह का निधन हो गया। कुछ समय बाद महिला ने जब अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपित टालमटोल करने लगा। महिला ने अपने रिश्तेदार के माध्यम से दबाव बनाया तो राजेंद्र ने कहा कि उसके पास अभी रुपये नहीं हैं। सारे रुपये उसने प्रापर्टी पर लगाए हुए हैं। आरोपित ने पीड़ित महिला को धोरणखास में एक प्लाट दिखाया और उसके लिए 40 लाख रुपये और देने को कहा। महिला ने प्लाट के लिए 40 लाख रुपये दिए। इस समझौते में राजेंद्र का एक अन्य कैलाश जोशी निवासी रांझावाला, रायपुर देहरादून भी शामिल थे |

समझौते के बाद रजिस्ट्री करने की तिथि 17 अप्रैल को निश्चित की। समय बीत जाने के बाद के बावजूद भी जब आरोपित ने रजिस्ट्री नहीं करवाई तो महिला ने रजिस्ट्री करने को कहा। इसके बाद आरोपित रजिस्ट्री करने से मुकर गया। इस तरह आरोपित ने महिला से एक करोड़ 40 लाख रुपये हड़प लिए। राजपुर थाने के एसओ मोहन सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपित राजेंद्र सिंह सोलंकी और कैलाश चंद्र जोशी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।