Tuesday, July 28, 2026
HomeTrending Nowकांवड़ मेले को लेकर नगर आयुक्त नंदन कुमार ने किया व्यापक निरीक्षण,...

कांवड़ मेले को लेकर नगर आयुक्त नंदन कुमार ने किया व्यापक निरीक्षण, सफाई एवं व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

हरिद्वार (कुलभूषण )कांवड़ मेला-2026 को लेकर नगर निगम हरिद्वार द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में नगर आयुक्त नंदन कुमार द्वारा कांवड़ मेला क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख स्थानों का व्यापक निरीक्षण किया गया। उन्होंने कनखल, बैरागी कैंप, रोड़ी बेलवाला, हरकी पैड़ी क्षेत्र के घाटों, पंतदीप, चमगादड़ टापू, ज्वालापुर, जटवाड़ा पुल, कांवड़ पटरी सहित विभिन्न कांवड़ मेला क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साफ-सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे, ऐसे में सभी मेला क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों, घाटों एवं पार्किंग स्थलों पर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और कहीं भी गंदगी जमा न होने दी जाए।
नगर आयुक्त ने कांवड़ यात्रियों के लिए बनाए जा रहे अस्थायी शौचालयों की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों को निर्देशित किया कि शौचालयों की नियमित सफाई, पानी की उपलब्धता तथा आवश्यक सुविधाओं की लगातार निगरानी की जाए। साथ ही शौचालयों के ऊपर लगाए गए पानी के टैंकों की क्षमता बढ़ाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने मेला क्षेत्र में अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रखने तथा प्रमुख मार्गों एवं कांवड़ पटरी को सुचारू और व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश भी दिए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं होना चाहिए।
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मेले के दौरान नगर निगम के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी ड्यूटी पर लगातार तैनात रहें और अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करें। सफाई व्यवस्था, शौचालय, पेयजल, कूड़ा उठान एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
नगर आयुक्त ने कहा कि कांवड़ यात्रा हरिद्वार के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है। देशभर से आने वाले कांवड़ यात्रियों को हरिद्वार में स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित वातावरण मिले, यही नगर निगम की प्राथमिकता है। श्रद्धालु हरिद्वार से अच्छी स्मृतियां लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करें, इसके लिए नगर निगम की पूरी टीम समर्पित भाव से कार्य कर रही है।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मेले के दौरान स्वच्छता एवं जनसुविधाओं की व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जाए।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments