Saturday, April 20, 2024
HomeStatesUttarakhandकेंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट के स्वागत में जन आशीर्वाद यात्रा, कांग्रेसियों ने...

केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट के स्वागत में जन आशीर्वाद यात्रा, कांग्रेसियों ने किया विरोध

ऋषिकेश, केन्द्रीय मंत्री अजय भट्ट को क्षेत्र में विकास कार्यों की अनदेखी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं का विरोध झेलना पड़ा, कांग्रेसियों ने भाजपा और स्थानीय विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। केंद्रीय राज्यमंत्री बनने के बाद पहली बार उत्तराखंड आए अजय भट्ट का ऋषिकेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध किया।
देहरादून रोड से जब यात्रा आगे बढ़ रही थी तो कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं का विरोध तेज हो गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को इस दौरान खासी मशक्कत करनी पड़ी।

केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट के स्वागत के लिए जन आशीर्वाद यात्रा का आयोजन किया गया। दोपहर करीब एक बजे अजय भट्ट इंद्रमणि बडोनी चौक पहुंचे। यहां से कार्यकर्त्ताओं ने रैली निकाल कर उनका स्वागत किया। करीब 500 मीटर की दूरी पर देहरादून रोड पेट्रोल पंप के समीप बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्त्ता इस यात्रा का विरोध करने के लिए मौजूद रहे। जैसे ही यात्रा नजदीक पहुंची मौके पर पुलिस फोर्स बढ़ा दिया गया।

एसपी देहात स्वतंत्र कुमार, पुलिस उपाधीक्षक डीसी ढौंडियाल, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिंह नेगी सहित तमाम उप निरीक्षक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को घेरकर खड़े हो गए। इन्हें रोकने के लिए पहले से रस्सी बांधी गई थी। जिसे पार करने की कोशिश कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की, जिस पर पुलिस ने इन्हें पीछे धकेल दिया। कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं ने नारा लगाया कि जब जब भाजपा डरती है पुलिस को आगे करती है। यात्रा में शामिल केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट उनके साथ वाहन में मौजूद प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, महापौर अनीता ममगाई नजदीक पहुंचे तो नारेबाजी तेज हो गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विशेष रूप से भाजपा और स्थानीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल के खिलाफ नारेबाजी की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments