Sunday, July 26, 2026
HomeTrending Nowऋषिकेश पुलिस को बड़ी सफलता : दो इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में...

ऋषिकेश पुलिस को बड़ी सफलता : दो इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल

ऋषिकेश, चारधाम यात्रा-2026 के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए देहरादून पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऋषिकेश पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के मामले में वांछित 15-15 हजार रुपये के दो इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। दोनों अभियुक्तों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, 7 जून की देर रात नटराज चौक क्षेत्र में ऋषिकेश पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक ढालवाला की ओर से आते दिखाई दिए। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश बैरियर को टक्कर मारते हुए हरिद्वार बाईपास की ओर फरार हो गए।पुलिस टीम ने तत्काल पीछा शुरू किया और आसपास के थानों को भी अलर्ट किया गया। खांड गांव के पास पुलिस ने मोटरसाइकिल सवारों की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाश रेलवे लाइन के समीप जंगल की ओर भागने लगे, लेकिन उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद दोनों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। एक गोली पुलिस वाहन के साइड मिरर पर लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और वे घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। मौके से एक फैक्ट्री मेड पिस्टल, एक तमंचा, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान आमिर पुत्र लड्डू निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार तथा अनवारूल हक उर्फ अनवर निवासी सीतामढ़ी, बिहार के रूप में हुई। दोनों कोतवाली ऋषिकेश में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे थे और उन पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ दिन पूर्व भट्टोवाला क्षेत्र में सड़क किनारे शराब पीने को लेकर उनका स्थानीय लोगों से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान दोनों ने अपने एक अन्य साथी वसीम के साथ मिलकर फायरिंग कर दी थी, जिसमें दो स्थानीय लोग घायल हो गए थे। इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि आमिर और अनवर फरार चल रहे थे।
पूछताछ के दौरान अनवारूल ने यह भी खुलासा किया कि वह अपने साथियों के साथ बिहार में लूट और हत्या की एक सनसनीखेज वारदात में शामिल रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments