मनी ट्रांसफर सेंटर संचालक को बदमाशों ने बनाया लूट का शिकार

0
813

हरिद्वार, जनपद के सिडकुल थाना क्षेत्र में एक बार फिर बदमाशों ने मनी ट्रांसफर सेंटर संचालक को लूट का शिकार बनाया है। बाइक सवार तीन बदमाश एक संचालक से 55 हजार रुपये की नगदी से भरा बैग छीन कर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

कुलदीप निवासी ग्राम सलेमपुर ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि वह 10 फरवरी की रात 10 बजे अपने मनी ट्रांसफर की दुकान को बंदकर घर की तरफ जा रहे थे। इस दौरान जब वह डेंसो चौक पर पहुंचे तो वहां तीन अज्ञात बाइक सवार आए और बैग लूटकर ले गए। कुलदीप का कहना है कि बैग में 55 हजार रुपये की नकदी व कुछ जरूरी कागजात थे।

कुलदीप ने बदमाशों का काफी दूर तक पीछा भी किया मगर बदमाश पकड़ में नहीं आए। इसके बाद कुलदीप ने पुलिस को इस मामले में शिकायत दी। थाना प्रभारी प्रमोद उनियाल का कहना है कि मुकदमा दर्जकर बदमाशों की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली जा रही है।