-
देव भूमि पहाड़ समिति के सहयोग से टिहरी के जीआईसी भल्ले गांव में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को किया मजबूत
-
कंप्यूटर, खेल और सांस्कृतिक सामग्री मिलने से छात्रों के पठन-पाठन में आएगा गुणात्मक सुधार
टिहरी (देवप्रयाग)। सार्वजनिक क्षेत्र की देश की अग्रणी ऊर्जा कंपनी, ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ONGC) ने उत्तराखंड के सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक और सराहनीय कदम उठाया है। ओएनजीसी ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत गैर-सरकारी संस्था ‘देव भूमि पहाड़ समिति’ के सहयोग से टिहरी जनपद के देवप्रयाग ब्लॉक स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) भल्ले गांव को आधुनिक शिक्षण और खेल सामग्रियां उपलब्ध कराई हैं।
कार्यक्रम में ऑनलाइन माध्यम से जुड़े ओएनजीसी के प्रधान मानव संसाधन सेवाएं नीरज कुमार शर्मा, इंचार्ज सीएसआर विशाल शर्मा और मैडम किम ने कहा कि ओएनजीसी उत्तराखंड में शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य के साथ साथ जनहितार्थ कार्यों में सकारात्मक भूमिका निभा रहा है। विद्यालय परिसर में आयोजित एक गरिमामय समारोह के दौरान ओएनजीसी और देव भूमि पहाड़ समिति द्वारा ये सामग्रियां विद्यालय के प्रधानाचार्य विक्रम सिंह रावत को सौंपी गईं। इस अवसर पर अभिभावक संघ के अध्यक्ष सुभाष लिंगवाल और बीडीसी सदस्य चन्द्रकला देवी भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
ओएनजीसी द्वारा विद्यालय को सौंपे गए सामानों में आधुनिक कंप्यूटर, प्रिंटर, फर्नीचर, अलमारियां, सीलिंग फैन, सांस्कृतिक वाद्ययंत्र, खेल सामग्री और ध्वनि विस्तारक यंत्र (साउंड सिस्टम) शामिल हैं, जिससे स्कूल के डिजिटलीकरण और छात्रों के सर्वांगीण विकास में मदद मिलेगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विक्रम सिंह रावत ने ओएनजीसी और सहयोगी संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन आधुनिक सामग्रियों से छात्र-छात्राओं के पठन-पाठन के स्तर में गुणात्मक सुधार आएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि ओएनजीसी भविष्य में भी राज्य के सुदूरवर्ती सरकारी स्कूलों की मदद के लिए आगे आती रहेगी। समारोह के दौरान ओएनजीसियन एल. मोहन लखेड़ा ने उपस्थित छात्रों का मार्गदर्शन किया और उन्हें ऊर्जा क्षेत्र की बारीकियों व ओएनजीसी की कार्यप्रणाली से अवगत कराया, जिससे छात्र बेहद प्रेरित नजर आए।
इस अवसर पर देव भूमि पहाड़ समिति के सचिव अंकुर बिष्ट, उपाध्यक्ष दयाल सिंह रावत, कुलदीप चौहान, एसएमसी सदस्या संगीता बहुगुणा, यशोदा रतूड़ी, समाजसेवी परमेश्वरी नौटियाल, प्रवक्ता दिगम्बर नेगी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


Recent Comments